‘Made in India’ Jeep से दुनिया जीतने की तैयारी, TATA संग Stellantis का बड़ा दांव

नई दिल्ली: इंडिया अब सिर्फ कारों का बाजार नहीं, बल्कि दुनिया के लिए ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग हब बनता जा रहा है। इसी कड़ी में Stellantis ने ऐलान किया है कि वह इंडिया में एक नई Jeep SUV विकसित करेगी, जो इंडियन कंपनी Tata Motors के प्लेटफॉर्म पर तैयार होगी। यह SUV इंडिया में बनेगी, इंडिया में असेंबल होगी और दुनिया के 50 से ज्यादा देशों में निर्यात की जाएगी।

इस प्रोजेक्ट को इंडिया से Jeep निर्यात बढ़ाने के बड़े दांव के तौर पर देखा जा रहा है। कंपनी के अनुसार, नई Jeep SUV को इंडिया में विकसित किया जाएगा और इसका उत्पादन Stellantis-Tata के जॉइंट वेंचर प्लांट में होगा। यह घोषणा कंपनी की FastLane 2030 रणनीति के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य वैश्विक बाजारों में कारोबार को मजबूत करना और नई ग्रोथ संभावनाएं तलाशना है।

Stellantis के एशिया-पैसिफिक प्रमुख Grégoire Olivier ने इन्वेस्टर डे 2026 में कहा कि नई Jeep को “India for the World” मॉडल पर तैयार किया जाएगा। यह प्रोजेक्ट Stellantis और Tata Motors के रिश्तों को और मजबूत करेगा। दोनों कंपनियों ने फरवरी 2026 में इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई चेन सहयोग बढ़ाने के लिए समझौता भी किया था।

हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि नई Jeep इंडियन मार्केट में आएगी या नहीं, लेकिन कंपनी की नजर एक्सपोर्ट मार्केट पर है। Stellantis और Tata का भारत में 50:50 जॉइंट वेंचर प्लांट सालाना 2.2 लाख यूनिट उत्पादन क्षमता रखता है और कंपनी को उम्मीद है कि यह नया मॉडल निर्यात को बड़ा बढ़ावा देगा। कंपनी का लक्ष्य 2028 तक Tata और Dongfeng साझेदारी के जरिए 1 लाख लोकलाइज्ड गाड़ियों की वैश्विक बिक्री तक पहुंचना है। इसके अलावा Stellantis दशक के अंत तक 60 नए मॉडल और 50 फेसलिफ्ट मॉडल लाने की तैयारी भी कर रही है।

इंडिया तेजी से ग्लोबल ऑटो कंपनियों के लिए पसंदीदा मैन्युफैक्चरिंग बेस बन रहा है। Jeep और Citroen ब्रांड संचालित करने वाली Stellantis के अलावा Renault, Hyundai और Suzuki जैसी कंपनियां भी इंडिया को ग्लोबल एक्सपोर्ट हब के रूप में मजबूत कर रही हैं।