नई दिल्ली : इंडिया में मिडिलवेट मोटरसाइकिल सेगमेंट में Royal Enfield ने बड़ा धमाका कर दिया है। कंपनी ने अपनी सबसे आइकॉनिक बाइक Bullet का सबसे पावरफुल अवतार लॉन्च कर दिया है। नई Bullet 650 को इंडियन मार्केट में 3.65 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर उतारा गया है। यह बाइक Royal Enfield की 650cc रेंज की सातवीं मोटरसाइकिल बन गई है और इसे पहली बार EICMA 2025 में शोकेस किया गया था।
Bullet नाम इंडियन बाइक लवर्स के लिए सिर्फ एक मोटरसाइकिल नहीं, बल्कि एक इमोशन माना जाता है। 1932 से लगातार प्रोडक्शन में रहने वाली Bullet अब पहले से ज्यादा दमदार इंजन और मॉडर्न फीचर्स के साथ सड़क पर उतर चुकी है। नई Bullet 650 पुराने रॉयल फील को बनाए रखते हुए लंबी दूरी की राइडिंग के लिए शानदार अनुभव देगी।
नई Bullet 650 का लुक काफी हद तक Bullet 350 और Classic 650 Twin से मिलता-जुलता है। बाइक में सिग्नेचर क्रोम हेडलाइट, क्लासिक हेडलाइट हुड और ट्रेडिशनल टेललाइट दी गई है। इसके फ्यूल टैंक पर हाथ से बनाई गई पिनस्ट्राइपिंग और मेटल बैज इसे प्रीमियम फील देते हैं। हालांकि कंपनी ने इसमें कुछ बदलाव भी किए हैं। बाइक के फेंडर Classic 650 की तुलना में ज्यादा स्क्वायर डिजाइन में हैं। वहीं सीट सेटअप को ज्यादा प्रैक्टिकल बनाया गया है, जिससे पिलियन राइडर को बेहतर आराम मिलने की उम्मीद है।
नई Bullet 650 में 647.95cc का पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है, जो कंपनी की Interceptor 650 और Super Meteor 650 जैसी बाइक्स में भी इस्तेमाल होता है। यह एयर-ऑयल कूल्ड इंजन 47 bhp की पावर और 52.3 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। यह अब तक की सबसे ताकतवर Bullet मानी जा रही है। हाईवे टूरिंग और लंबी दूरी की राइडिंग के लिए इसका इंजन ज्यादा स्मूद और मजबूत परफॉर्मेंस देने वाला बताया जा रहा है।
ब्रेकिंग के लिए आगे 320mm और पीछे 300mm डिस्क ब्रेक दिए गए हैं। इसके साथ ड्यूल-चैनल ABS स्टैंडर्ड मिलेगा। बाइक की सीट हाइट 800mm है, जबकि इसका वजन 243 किलोग्राम रखा गया है। कंपनी ने इसमें 14.8 लीटर का बड़ा फ्यूल टैंक भी दिया है, जिससे यह लंबी यात्राओं के लिए और बेहतर बन जाती है। Royal Enfield की Bullet 650 सीधे तौर पर उन राइडर्स को आकर्षित करेगी जो रेट्रो डिजाइन और दमदार परफॉर्मेंस का कॉम्बिनेशन तलाश रहे हैं।
