3 जून को बदलेगा बाइकिंग का खेल : Hero ला रही पहली Flex-Fuel बाइक

नई दिल्ली : इंडिया में अब पेट्रोल बाइक का खेल बदलने वाला है। देश की सबसे बड़ी टू-व्हीलर कंपनी Hero MotoCorp 3 जून को अपनी पहली Flex-Fuel मोटरसाइकिल लॉन्च करने जा रही है। इस बड़े लॉन्च इवेंट में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री Nitin Gadkari और पेट्रोलियम मंत्री Hardeep Singh Puri भी मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि यह लॉन्च इंडिया को क्लीन और सस्ते ईंधन की तरफ ले जाने में बड़ा कदम साबित हो सकता है।एथेनॉल एक तरह का अल्कोहल आधारित बायोफ्यूल होता है, जो गन्ना, मक्का और दूसरी फसलों से बनाया जाता है। यह पेट्रोल की तुलना में ज्यादा साफ ईंधन माना जाता है क्योंकि इससे प्रदूषण कम होता है। ईंधन में 85 फीसदी हिस्सा एथेनॉल का और बाकी 15 फीसदी पेट्रोल का होता है। इसे E85 Fuel कहा जाता है।

flex-Fuel वाहन ऐसे इंजन के साथ आते हैं जो सिर्फ पेट्रोल ही नहीं, बल्कि पेट्रोल और एथेनॉल के मिश्रण पर भी चल सकते हैं। बाइक में E20 से लेकर E85 जैसे फ्यूल का इस्तेमाल किया जा सकता है। E85 का मतलब है 85% एथेनॉल और 15% पेट्रोल का मिश्रण। सरकार भविष्य में E100 यानी पूरी तरह एथेनॉल आधारित ईंधन को बढ़ावा देना चाहती है।

Hero MotoCorp ने अभी तक अपनी पहली Flex-Fuel बाइक का नाम आधिकारिक तौर पर नहीं बताया है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक यह बाइक कंपनी की सबसे लोकप्रिय कम्यूटर मोटरसाइकिलों Splendor या HF Deluxe पर आधारित हो सकती है। Bharat Mobility Expo 2025 में कंपनी ने जिस Flex-Fuel मॉडल को शोकेस किया था, वह भी HF Deluxe बेस्ड था। Splendor और HF Deluxe जैसी बाइक्स में Flex-Fuel टेक्नोलॉजी आने से ईंधन खर्च और भी कम हो सकता है।

इंडिया में फिलहाल Flex-Fuel सेगमेंट काफी शुरुआती दौर में है। टू-व्हीलर मार्केट में अभी सिर्फ Suzuki Motorcycle India की Gixxer SF 250 Flex Fuel बाइक मौजूद है। वहीं Honda Motorcycle and Scooter India ने पहले CB300F Flex Fuel लॉन्च की थी, लेकिन बाद में उसे बंद कर दिया गया। सिर्फ बाइक ही नहीं, अब कार कंपनियां भी Flex-Fuel टेक्नोलॉजी पर तेजी से काम कर रही हैं। Maruti Suzuki भी 5 जून यानी World Environment Day पर अपनी पहली Flex-Fuel कार लॉन्च कर सकती है, जिसे WagonR Flex Fuel माना जा रहा है।