इंडिया में बनी,अब दुनिया में दौड़ेगी पहली एडवेंचर बाइक Norton Atlas

इंडिया में बनी,अब दुनिया में दौड़ेगी पहली एडवेंचर बाइक Norton Atlas

नई दिल्ली : ब्रिटिश मोटरसाइकिल ब्रैंड Norton Motorcycles ने अपनी नई एडवेंचर बाइक Norton Atlas के उत्पादन की शुरुआत इंडिया से कर दी है। पहली Norton Atlas बाइक तमिलनाडु के होसुर स्थित TVS Motor Company के अत्याधुनिक प्लांट से रोलआउट हुई है। यह ब्रिटिश डिजाइन और भारतीय मैन्युफैक्चरिंग के मजबूत साझेदारी की भी नई मिसाल है। अगले महीने इस बाइक को ग्लोबल लेवल पर लॉन्च किया जाएगा, जबकि इसकी बिक्री तीसरी तिमाही में शुरू होने की उम्मीद है।

होसुर प्लांट में आयोजित विशेष समारोह में तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल की ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर डॉ. सुतापा चौधरी भी मौजूद रहीं। उनकी मौजूदगी इस बात का संकेत थी कि Norton और TVS की साझेदारी सिर्फ कारोबार तक सीमित नहीं है, बल्कि दोनों देशों के औद्योगिक सहयोग का भी प्रतीक बन चुकी है। बाइक का डिजाइन और इंजीनियरिंग ब्रिटेन के सोलिहुल स्थित Norton मुख्यालय में की गई है, जबकि इसका निर्माण भारत में TVS के विश्वस्तरीय प्लांट में हो रहा है।

नई Norton Atlas को दुनिया के सभी मौजूदा और भविष्य के बाजारों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। कंपनी ने इसे एडवेंचर बाइक सेगमेंट में उतारा है, जबकि Atlas GT स्पोर्ट्स-टूरिंग ग्राहकों के लिए होगी। दोनों सेगमेंट वैश्विक मोटरसाइकिल बाजार में सबसे तेजी से बढ़ने वाले वर्गों में शामिल हैं। बाइक में 585cc का लिक्विड-कूल्ड पैरलल-ट्विन इंजन दिया गया है, जिसमें 270-डिग्री फायरिंग ऑर्डर मिलता है। इसे हल्के स्टील ट्रेलिस फ्रेम पर तैयार किया गया है, जिससे बेहतर बैलेंस और शानदार राइडिंग अनुभव मिलता है।

तकनीक के मामले में भी Norton Atlas काफी एडवांस है। इसमें Bosch का 6-एक्सिस IMU, 5 राइडिंग मोड, लीन-सेंसिटिव राइडर एड्स, कॉर्नरिंग क्रूज़ कंट्रोल, पूरी तरह एडजस्ट होने वाला KYB सस्पेंशन, 8-इंच TFT डिस्प्ले और Norton Rider App कनेक्टिविटी जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। Atlas में आगे 19-इंच का पहिया दिया गया है, जिससे यह खराब रास्तों और ऑफ-रोड सफर के लिए ज्यादा उपयुक्त बनती है। वहीं Atlas GT में दोनों तरफ 17-इंच के पहिए दिए गए हैं, जो सड़क पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किए गए हैं। कंपनी ने यह भी पुष्टि की है कि Norton Atlas को भारत में भी इसी साल लॉन्च किया जाएगा। इसकी बिक्री TVS के नए प्रीमियम रिटेल नेटवर्क TVS Paddock के जरिए की जाएगी, जहां ग्राहकों को लग्जरी और पर्सनलाइज्ड खरीदारी का अनुभव मिलेगा।