कम कीमत, बड़ा धमाका : सिर्फ 4.69 लाख में घर आएगी Tiago EV, पेट्रोल की टेंशन खत्म

नई दिल्ली : इंडिया में सस्ती इलेक्ट्रिक कार खरीदने का सपना अब और आसान होने जा रहा है। Tata Motors ने अपनी सबसे किफायती इलेक्ट्रिक हैचबैक Tiago EV का नया 2026 मॉडल लॉन्च कर दिया है।

कंपनी ने इस कार को नए डिजाइन, अपडेटेड इंटीरियर, बड़े टचस्क्रीन, प्रीमियम फीचर्स और दो बैटरी पैक विकल्पों के साथ पेश किया है। BaaS (Battery as a Service) स्कीम के तहत इसकी शुरुआती कीमत सिर्फ 4.69 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है, जबकि सामान्य खरीद विकल्प में यह 6.99 लाख रुपये से शुरू होती है। नई Tiago EV में 19.2kWh और 24kWh बैटरी पैक दिए गए हैं और कंपनी का दावा है कि यह कार शहरों में रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए शानदार विकल्प साबित होगी। कम कीमत, शानदार फीचर्स और इलेक्ट्रिक टेक्नोलॉजी के साथ यह कार अब भारत के EV मार्केट में बड़ा गेम बदल सकती है।

नई Tata Tiago EV के लुक को पहले से ज्यादा मॉडर्न और प्रीमियम बनाया गया है। कार में नए फ्रंट और रियर बंपर, नई ब्लैंक्ड-ऑफ ग्रिल, ब्लैक-आउट ORVMs, नई LED हेडलाइट्स और LED टेललाइट्स दी गई हैं। नए डिजाइन के व्हील्स और टेलगेट पर Tiago EV बैजिंग भी देखने को मिलती है, जो इसे फ्रेश लुक देती है। कार का केबिन भी पूरी तरह अपडेट किया गया है। इसमें अब बड़ा 10.25-इंच फ्लोटिंग टचस्क्रीन सिस्टम, नया फ्रीस्टैंडिंग इंस्ट्रूमेंट कंसोल और नया टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील मिलता है। कंपनी ने सेंटर कंसोल को भी नया डिजाइन दिया है। इसके अलावा रियर AC वेंट्स, नई अपहोल्स्ट्री और नए विंडो कंट्रोल बटन भी दिए गए हैं। पुराने गियर लीवर की जगह अब रोटरी डायल दिया गया है, जिससे कार ज्यादा प्रीमियम महसूस होती है।

नई Tiago EV दो बैटरी पैक विकल्पों में आती है। 19.2kWh बैटरी वाले मॉडल की कीमत 6.99 लाख रुपये से शुरू होती है, जबकि 24kWh लॉन्ग रेंज वर्जन की कीमत 9.99 लाख रुपये तक जाती है। वहीं BaaS स्कीम के जरिए ग्राहक कम शुरुआती कीमत में इस इलेक्ट्रिक कार को घर ला सकते हैं और बैटरी के लिए अलग से सब्सक्रिप्शन मॉडल का फायदा उठा सकते हैं। Tata Motors की यह नई इलेक्ट्रिक हैचबैक उन ग्राहकों को टारगेट करती है जो कम बजट में स्टाइलिश, फीचर-लोडेड और कम खर्च वाली इलेक्ट्रिक कार खरीदना चाहते हैं।