नई दिल्ली : Hyundai Motor India ने ऐलान किया है कि कंपनी 1 जून 2026 से अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही है। कंपनी अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से अधिकतम 12,800 रुपये तक कीमत बढ़ाएगी।
Hyundai ने बढ़ती इनपुट कॉस्ट, महंगे कच्चे माल, बढ़ते लॉजिस्टिक्स खर्च और ऑपरेशनल लागत को इस फैसले की मुख्य वजह बताया है। कुछ दिन पहले ही Maruti Suzuki India ने भी जून से अपनी कारों की कीमत 30 हजार रुपये तक बढ़ाने का ऐलान किया था।अब देश की दो सबसे बड़ी कार कंपनियों के इस फैसले से साफ हो गया है कि ऑटो सेक्टर पर लागत बढ़ने का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
Hyundai ने बताया कि कंपनी लंबे समय से लागत को कंट्रोल करने और ग्राहकों पर बोझ कम रखने की कोशिश कर रही थी, लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि कीमत बढ़ाना जरूरी हो गया है। कंपनी ने यह भी कहा कि उसने “बैलेंस्ड अप्रोच” अपनाते हुए सीमित बढ़ोतरी का फैसला लिया है ताकि ग्राहकों पर ज्यादा असर न पड़े। हालांकि नई कीमतें लागू होने के बाद कारों की ऑन-रोड कीमत और EMI दोनों बढ़ सकती हैं। दरअसल Hyundai ने अप्रैल 2026 में ही कीमत बढ़ाने का संकेत दिया था, लेकिन अब कंपनी ने साफ कर दिया है कि नई कीमतें 1 जून से लागू होंगी। अगर कोई ग्राहक Hyundai की नई कार खरीदना चाहता है, तो उसके पास मौजूदा कीमतों पर खरीदने के लिए बहुत कम समय बचा है।
ऑटो इंडस्ट्री इस समय लगातार बढ़ती लागत की चुनौती से जूझ रही है। स्टील, एल्युमिनियम और दूसरे कच्चे माल की कीमतें बढ़ी हैं। इसके अलावा सप्लाई चेन, ट्रांसपोर्ट और मैन्युफैक्चरिंग खर्च भी बढ़ गए हैं। यही वजह है कि कंपनियां अब इन अतिरिक्त खर्चों का कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाने लगी हैं। नई कीमतें लागू होने के बाद Hyundai की कारें पहले से महंगी हो जाएंगी। इसका असर सीधे ऑन-रोड प्राइस और कार लोन की EMI पर दिखाई देगा। ऑटो एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले महीनों में दूसरी कंपनियां भी कीमत बढ़ा सकती हैं, क्योंकि पूरी इंडस्ट्री लागत बढ़ने के दबाव में है। ऐसे में अगर कोई ग्राहक नई कार खरीदने की योजना बना रहा है, तो जून से पहले बुकिंग करना फायदेमंद साबित हो सकता है।
