नई दिल्ली : कारों और एनिमेशन की दुनिया का जबरदस्त संगम देखने को मिला है। Toyota Kirloskar Motor ने Anime India 2026 के साथ साझेदारी करते हुए अपनी लोकप्रिय SUV Toyota Urban Cruiser Hyryder को मशहूर जापानी एनिमेशन सीरीज ‘Attack on Titan’ के खास अवतार में पेश किया है। यह अनोखी SUV 6 और 7 जून को नई दिल्ली के यशोभूमि में आयोजित होने वाले Anime India 2026 कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण बनने जा रही है।
Attack on Titan थीम वाले खास रैप से सजी Hyryder को देखकर एनिमेशन प्रेमी रोमांचित हो सकते हैं। SUV का यह लुक न सिर्फ इसकी स्पोर्टी पहचान को और दमदार बनाता है, बल्कि यह दिखाता है कि ऑटोमोबाइल कंपनियां अब युवाओं से जुड़ने के लिए नए और रचनात्मक रास्ते अपना रही हैं। कार्यक्रम में Toyota केवल Hyryder ही नहीं, बल्कि Glanza और Urban Cruiser Taisor को भी विशेष एनिमेशन-थीम वाले डिजाइनों के साथ प्रदर्शित करेगी। कंपनी ने इन कारों के जरिए पॉप कल्चर और आधुनिक ऑटोमोबाइल डिजाइन को एक मंच पर लाने की कोशिश की है।
Anime India 2026 में आने वाले दर्शकों के लिए कई इंटरएक्टिव गतिविधियां भी रखी गई हैं। क्विज प्रतियोगिताएं, स्पिन-द-व्हील गेम, स्टाम्प रैली और अन्य मनोरंजक गतिविधियों के जरिए मेहमानों को यादगार अनुभव देने की तैयारी की गई है। इससे कार्यक्रम में आने वाले युवाओं और एनीमे प्रशंसकों की भागीदारी और बढ़ने की उम्मीद है। Anime India देश का तेजी से लोकप्रिय होता एनीमे और जापानी पॉप कल्चर इवेंट है। पिछले दो संस्करणों में इस कार्यक्रम में 60 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया था। इस बार भी बड़ी संख्या में एनीमे, मंगा और गेमिंग प्रेमियों के पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम में जापानी पॉप गायिका युरिका का लाइव कॉन्सर्ट भी होगा। इसके अलावा Naruto सीरीज में काकाशी की आवाज देने वाले प्रसिद्ध जापानी वॉयस एक्टर काजुहिको इनोउए भी पहली बार भारत आ रहे हैं, जिससे एनीमे प्रशंसकों का उत्साह और बढ़ गया है। Toyota का कहना है कि यह साझेदारी युवा पीढ़ी, खासकर Gen Z, के साथ जुड़ने का एक नया और प्रभावी माध्यम है। Attack on Titan अवतार में सजी Hyryder इस बात का संकेत है कि भविष्य में ऑटोमोबाइल और पॉप कल्चर का यह मेल और भी दिलचस्प रूप लेने वाला है।
