नई दिल्ली: Tata Motors Flex-Fuel टेक्नोलॉजी वाली नई कार इंडियन मार्केट में लॉन्च करने के लिए तैयार है। Tata की Flex-Fuel कार पेट्रोल के साथ एथेनॉल मिश्रित ईंधन पर भी चलेगी। इससे न सिर्फ ईंधन का खर्च कम होगा, बल्कि इंडिया को पेट्रोल आयात पर निर्भरता घटाने में भी मदद करेगी। कंपनी का मानना है कि आने वाले समय में EV और Flex-Fuel वाहन इंडियन कस्टमर्स की पहली पसंद बन सकते हैं।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और महंगे होते कच्चे तेल के बीच Tata Motors ने वैकल्पिक ईंधन और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी पर बड़ा दांव खेला है। कंपनी का मानना है कि आने वाले समय में ग्राहक पेट्रोल-डीजल से हटकर EV और Flex-Fuel गाड़ियों की तरफ तेजी से बढ़ेंगे। कंपनी ने साफ कहा है कि FY27 में वह ऑटो इंडस्ट्री की औसत ग्रोथ से बेहतर प्रदर्शन करेगी। Auto Expo में दिखाई गई Punch Flex Fuel E20 से लेकर E100 तक एथेनॉल मिश्रित ईंधन पर चल सकती है। Tata Motors ने पिछले वित्त वर्ष में 92 हजार से ज्यादा इलेक्ट्रिक गाड़ियां बेचकर EV बाजार में अपना दबदबा कायम रखा।
कंपनी के पैसेंजर व्हीकल बिजनेस के एमडी और सीईओ Shailesh Chandra ने बताया कि Tata Motors तकनीकी रूप से Flex-Fuel टेक्नोलॉजी के लिए पूरी तरह तैयार है। कंपनी पहले ही E20 ईंधन मानकों का पालन कर रही है। कंपनी का फोकस सिर्फ Flex-Fuel तक सीमित नहीं है, बल्कि FY27 में इंडस्ट्री से ज्यादा तेज ग्रोथ हासिल करने का भी लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए Tata Motors अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने और नई SUV लॉन्च करने की तैयारी में जुटी है।
कंपनी ने साफ कहा कि West Asia संकट के चलते स्टील, कॉपर, रबर और पेट्रोलियम आधारित कच्चे माल की कीमतों में करीब 5% तक उछाल आया है। इससे ऑटो कंपनियों के मार्जिन पर दबाव बढ़ा है। Tata Motors अब लागत घटाने और जरूरत पड़ने पर चुनिंदा मॉडलों की कीमतें बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में भी कंपनी ने रिकॉर्ड प्रदर्शन किया है। पिछले वित्त वर्ष में Tata Motors ने 92 हजार EV की बिक्री की और 40% से ज्यादा मार्केट शेयर पर कब्जा बनाए रखा। Tata Harrier EV, Tata Punch EV और Tata Nexon EV जैसी गाड़ियों ने कंपनी की बिक्री को नई ऊंचाई दी।
