इंडियन बाइक्स के बाजार में इलेक्ट्रिक तूफान, 1.25 लाख की Avore से EV क्रांति शुरू

इंडियन बाइक्स के बाजार में इलेक्ट्रिक तूफान, 1.25 लाख की Avore से EV क्रांति शुरू

नई दिल्ली। इंडिया में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की रफ्तार लगातार तेज हो रही है। अब तक इलेक्ट्रिक स्कूटरों ने बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बनाई है, लेकिन अगली बड़ी लड़ाई इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल सेगमेंट में होने वाली है। इसी संभावना को देखते हुए अहमदाबाद स्थित EV स्टार्टअप Avore Electric ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इसकी शुरुआती कीमत ₹1.25 लाख रखी है।

Avore Electric के मुताबिक, देश में हर महीने करीब 12 लाख मोटरसाइकिल बिकती हैं, लेकिन इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलों की बिक्री अभी केवल 4,000-5,000 यूनिट के आसपास है। कंपनी ने अपनी नई इलेक्ट्रिक बाइक को तीन वेरिएंट में लॉन्च किया है। शुरुआती 10,000 यूनिट के लिए कीमत ₹1.25 लाख रखी गई है। इसके बाद बाइक की कीमत ₹1.35 लाख हो जाएगी। कंपनी ने EX 2 वेरिएंट को ₹1.50 लाख और टॉप मॉडल EX 2S को ₹1.70 लाख में पेश किया है।

Avore Electric के अलग-अलग वेरिएंट में 7.5 kW से 10.5 kW तक की पावर मिलती है, जबकि तीनों मॉडल 250 Nm का पीक व्हील टॉर्क देते हैं। टॉप मॉडल EX 2S की अधिकतम स्पीड 114 किलोमीटर प्रति घंटा है, जबकि EX 2 और EX 1 मॉडल 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार पकड़ सकते हैं।
Avore Electric ने पिछले तीन वर्षों में अपना इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल प्लेटफॉर्म AVR विकसित किया है। कंपनी का कहना है कि उसने केवल विदेशों से पार्ट्स मंगाकर बाइक तैयार नहीं की है, बल्कि मोटर, कंट्रोलर, बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम, बैटरी पैक, चार्जर, डिस्प्ले और सॉफ्टवेयर जैसी प्रमुख तकनीक को खुद विकसित किया है।

Avore Electric ने इस प्रोजेक्ट पर अब तक 14 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया है, जिसमें 10 करोड़ रुपये से अधिक राशि रिसर्च और डेवलपमेंट पर खर्च किए गए हैं। कंपनी के पास करीब 150 कर्मचारियों की टीम है, जिसमें IIT से पढ़े इंजीनियरों के अलावा TVS Motor, Tata Motors, Mahindra, Piaggio और Volvo जैसी कंपनियों के अनुभवी लोग शामिल हैं।

कंपनी ने Heavy Rare Earth Free Motor विकसित करने का दावा किया है। कंपनी के अनुसार उसकी V-Type PMSM मोटर करीब 95 प्रतिशत एफिशिएंसी देती है, जबकि सामान्य मोटरों की दक्षता 85-88 प्रतिशत के आसपास होती है। Avore ने अपनी बाइक में AI आधारित डायग्नोस्टिक सिस्टम भी दिया है। यह सिस्टम बाइक में किसी संभावित खराबी से पहले संकेत दे सकता है। कंपनी ने “Vacation Mode” फीचर भी विकसित किया है, जो बाइक लंबे समय तक इस्तेमाल न होने पर बैटरी खपत को कम करता है।

Avore Electric ने गुजरात के छत्राल में 1.5 लाख वर्ग फीट की उत्पादन यूनिट तैयार की है। Avore Electric के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी हाई-टेक बाइक को बड़े पैमाने पर सफल बनाना, मजबूत सर्विस नेटवर्क तैयार करना और ग्राहकों का भरोसा कायम करना होगी।