ASUS का नया AiO PC देगा AI की ताकत, कीमत ₹1.01 लाख से शुरू

नई दिल्ली: ASUS ने इंडिया में अपना नया ऑल-इन-वन (AiO) पीसी ASUS VM441 लॉन्च कर दिया है। कंपनी का दावा है कि यह इंडस्ट्री का पहला ऑल-इन-वन कंप्यूटर है जो Qualcomm Snapdragon X प्रोसेसर के साथ आता है। AI-फर्स्ट कंप्यूटिंग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया यह डिवाइस घर, ऑफिस और हाइब्रिड वर्कस्पेस यूजर्स को टारगेट करता है। कंपनी ने इसे “For Work, For Home, For All” थीम के साथ पेश किया है।

ASUS VM441QA AiO का 512GB PCIe 4.0 SSD वेरिएंट 1,01,990 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च हुआ है, जबकि 1TB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 1,11,990 रुपये रखी गई है। ग्राहक इसे ASUS Exclusive Stores, Croma, ROG Stores और अधिकृत रिटेल पार्टनर्स के साथ-साथ ASUS E-shop, Amazon और Flipkart से खरीद सकेंगे। कंपनी फाइनेंसिंग विकल्प भी दे रही है, जिसमें नो-कॉस्ट EMI प्लान ₹5,666 प्रति माह से शुरू होंगे और चुनिंदा बैंक कार्ड्स पर ₹2,500 तक कैशबैक भी मिलेगा।

ASUS VM441 AiO में 24 इंच की बड़ी स्क्रीन दी गई है। इससे तस्वीरें, विडियो और टेक्स्ट ज्यादा साफ और शार्प दिखेंगे। टचस्क्रीन होने की वजह से आप मोबाइल की तरह स्क्रीन को छूकर भी काम कर सकते हैं। डिवाइस का डिजाइन काफी पतला रखा गया है। इसका स्टैंड सिर्फ 22 मिमी मोटा है। यह डेस्क पर कम जगह लेगा और सेटअप ज्यादा साफ-सुथरा दिखेगा। आप स्क्रीन को साइड से भी देखें, तब भी तस्वीर का रंग और क्वॉलिटी ज्यादा नहीं बदलेगी। कई लोग एक साथ स्क्रीन देख सकते हैं।

इस PC में Snapdragon X प्रोसेसर दिया गया है, जो खास AI कामों के लिए बनाया गया है। इसमें AI फीचर्स सीधे कंप्यूटर में काम करेंगे। कंप्यूटर AI से जुड़े काम तेजी से कर सकता है। इसमें आगे की तरफ दो स्पीकर्स दिए गए हैं। मूवी, म्यूजिक और गेमिंग में ज्यादा दमदार और चारों तरफ से आने जैसी साउंड मिलेगी। विडियो कॉल या मीटिंग के दौरान अगर पीछे पंखा, ट्रैफिक या लोगों की आवाज हो, तो AI उसे कम करने की कोशिश करेगा। आपकी आवाज सामने वाले तक ज्यादा साफ पहुंचेगी।

इसमें 5MP कैमरा है। IR कैमरा + Windows Hello का फीचर चेहरा पहचानकर PC अनलॉक कर देगा। पासवर्ड टाइप करने की जरूरत कम होगी। विडियो कॉल में चेहरा ज्यादा साफ दिखे, रोशनी बेहतर लगे और क्वालिटी सुधरे इसके लिए AI मदद करेगा।