हर सेगमेंट सुपरहिट! पहली बार बाइक से ट्रैक्टर तक सभी ने बनाया जुलाई रिकॉर्ड
GST राहत और त्योहारों के दम पर अगस्त से अक्टूबर तक ऑटो बाजार में बंपर बिक्री की उम्मीद
भारत के ऑटोमोबाइल बाजार ने जुलाई 2026 में नया इतिहास रच दिया है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के मुताबिक, जुलाई में देशभर में 25,91,138 वाहनों का रिटेल बिक्री आंकड़ा दर्ज किया गया, जो पिछले साल जुलाई के मुकाबले 25.89% ज्यादा है। पहली बार ऑटो सेक्टर की सभी छह प्रमुख कैटेगरी ने जुलाई महीने में अपना अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। भारत के ऑटो सेक्टर ने जुलाई 2026 में अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए बिक्री का नया रिकॉर्ड बना दिया। दोपहिया से लेकर ट्रैक्टर और कमर्शियल वाहनों तक हर कैटेगरी ने जबरदस्त रफ्तार दिखाई। इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री 3.27 लाख पार, पेट्रोल को सीधी चुनौती मिली। कार बाजार में बड़ा बदलाव देखने को मिला, CNG-हाइब्रिड-EV पेट्रोल के बेहद करीब पहुंच गए।
FADA के आंकड़ों के अनुसार, दोपहिया, पैसेंजर वाहन, कमर्शियल वाहन, तिपहिया, ट्रैक्टर और कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट, सभी सेगमेंट में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। जुलाई 2026 में कुल वाहन बिक्री 25.91 लाख यूनिट रही। यह जनवरी 2014 के बाद 151 महीनों में 12वां सबसे बड़ा रिटेल महीना रहा। खास बात यह है कि जुलाई आमतौर पर मानसून के कारण कमजोर महीना माना जाता है, लेकिन इस बार बाजार ने शानदार प्रदर्शन किया। दोपहिया वाहन बाजार ने जुलाई में जबरदस्त प्रदर्शन किया। इस दौरान 18,18,289 दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई, जो पिछले साल की तुलना में 28.25% ज्यादा है।
पैसेंजर व्हीकल (PV) सेगमेंट में जुलाई में 4,16,555 गाड़ियों की बिक्री हुई, जो सालाना आधार पर 19.13% ज्यादा है। कार बाजार में CNG, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी तेजी से बढ़ रही है। जुलाई में इन वैकल्पिक ईंधन वाली कारों की हिस्सेदारी 40.59% तक पहुंच गई, जबकि पेट्रोल कारों की हिस्सेदारी 41.68% रही। इलेक्ट्रिक वाहन बाजार ने जुलाई में नया रिकॉर्ड बनाया। देश में कुल 3,27,901 इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री हुई। EV की बाजार हिस्सेदारी बढ़कर करीब 12.7% पहुंच गई, जो जुलाई 2025 में 9.6% थी।
कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में जुलाई में 99,666 यूनिट बिक्री हुई, जो पिछले साल से 24.04% ज्यादा है। वहीं ट्रैक्टर बिक्री 1,17,349 यूनिट रही और इसमें 28.10% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
FADA के अनुसार, GST 2.0 के कारण वाहनों की कीमतों में राहत, बेहतर मानसून और आने वाले त्योहारों की तैयारियों ने बिक्री को बढ़ावा दिया है। अगस्त में स्वतंत्रता दिवस, ओणम और रक्षाबंधन जैसे त्योहारों से ऑटो कंपनियों को और तेजी की उम्मीद है। करीब 74.30% डीलरों को अगस्त में बिक्री बढ़ने की उम्मीद है, जबकि अगले तीन महीनों (अगस्त-सितंबर-अक्टूबर) में 87.85% डीलर ग्रोथ को लेकर सकारात्मक हैं। डीलर्स के पास पैसेंजर व्हीकल का स्टॉक बढ़कर 33-35 दिनों तक पहुंच गया है, जबकि FADA का आदर्श स्तर करीब 21 दिन माना जाता है।
