बिहार ऊर्जा क्रांति की दहलीज पर : 2.25 लाख करोड़ से लगेंगे NUCLEAR PLANTS

बिहार ऊर्जा क्रांति की दहलीज पर : 2.25 लाख करोड़ से लगेंगे NUCLEAR PLANTS

• बांका-सिवान में 5,600 मेगावाट के परमाणु बिजलीघर, बिहार में निवेश का बड़ा दांव

• 2 लाख करोड़ से ज्यादा निवेश से बदलेगा बिहार का औद्योगिक नक्शा, बिजली परियोजनाओं पर फोकस

• उद्योग, बिजली और ऊर्जा भंडारण को मिलेगी ताकत, बड़े निवेश प्रस्तावों पर समझौते

बिहार में औद्योगिक विकास और बिजली उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों पर समझौते किए गए हैं। राज्य के ऊर्जा विभाग और उद्योग विभाग ने निजी कंपनियों तथा केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के साथ कई एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इन प्रस्तावों में दो परमाणु बिजली संयंत्र, चार पंप स्टोरेज परियोजनाएं, ऊर्जा भंडारण और औद्योगिक विस्तार से जुड़े निवेश शामिल हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे।

दोनों विभागों की ओर से किए गए समझौतों में ऊर्जा विभाग के प्रस्तावों का कुल मूल्य 1,72,885 करोड़ रुपये और उद्योग विभाग के प्रस्तावों का मूल्य 52,115 करोड़ रुपये बताया गया है। इस तरह कुल निवेश प्रस्ताव 2.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है। कार्यक्रम में NTPC, न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, अडानी हाइड्रो एनर्जी और टोरेंट एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशंस समेत कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बांका और सिवान जिले में दो परमाणु बिजली संयंत्र लगाने की योजना है। NTPC ने बांका जिले के भिटिया में 4×700 मेगावाट क्षमता के परमाणु बिजली संयंत्र के लिए एमओयू किया है। इस परियोजना पर अनुमानित 70,000 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह संयंत्र 2,800 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता वाला होगा और करीब 1,500 एकड़ जमीन पर विकसित किया जाएगा। इसके लिए सालाना 16 करोड़ घनमीटर पानी की जरूरत बताई गई है।

इसी तरह न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड ने सिवान जिले के रघुनाथपुर स्थित तलहार में 4×700 मेगावाट के दूसरे परमाणु बिजली संयंत्र के लिए 70,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव पर समझौता किया है। इसकी क्षमता भी 2,800 मेगावाट होगी।

अडानी हाइड्रो एनर्जी सेवन लिमिटेड नवादा जिले के एकतारा और पथरा में 1,800 मेगावाट क्षमता का पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट लगाएगी। इसकी भंडारण क्षमता 10,800 मेगावाट घंटे होगी और अनुमानित लागत 9,900 करोड़ रुपये है। अडानी हाइड्रो एनर्जी फिफ्टीन लिमिटेड जमुई जिले के मिर्चा पाठक चक में 1,800 मेगावाट की दूसरी परियोजना स्थापित करने की योजना बना रही है। इस पर भी 9,900 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

टोरेंट एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड नवादा जिले के हरदिया/फुलवरिया बांध पर 1,500 मेगावाट क्षमता का पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट लगाएगी। इसकी भंडारण क्षमता 9,015 मेगावाट घंटे होगी और अनुमानित निवेश 7,685 करोड़ रुपये है।

सरकार कारोबार शुरू करने की प्रक्रिया आसान बनाने पर भी काम कर रही है। निवेश प्रस्तावों को 30 दिनों के भीतर मंजूरी देने का लक्ष्य रखा गया है। निर्धारित समय में अनुमति नहीं मिलने पर 31वें दिन प्रस्ताव को स्वतः स्वीकृत मानने की व्यवस्था यानी डीम्ड अप्रूवल लागू करने की योजना है।