BMW की एडवेंचर बाइक F 450 GS 30 हजार तक महंगी, 5.60 लाख रुपये में टॉप मॉडल

BMW की एडवेंचर बाइक F 450 GS 30 हजार तक महंगी, 5.60 लाख रुपये में टॉप मॉडल

420cc की पावरफुल BMW बाइक हुई महंगी, 4.95 लाख से शुरू हुई नई कीमत

लॉन्च के सिर्फ 5 महीने बाद BMW F 450 GS पर महंगाई की मार

BMW Motorrad ने भारत में अपनी एंट्री-लेवल एडवेंचर बाइक F 450 GS की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने बाइक के तीनों वेरिएंट की कीमत में ₹25,000 से ₹30,000 तक का इजाफा किया है। कीमतों में यह बढ़ोतरी बाइक की भारत में लॉन्चिंग के करीब पांच महीने बाद की गई है। अब BMW F 450 GS के बेस वेरिएंट की कीमत ₹4.70 लाख से बढ़कर ₹4.95 लाख हो गई है। वहीं, Exclusive वेरिएंट की कीमत ₹4.90 लाख से बढ़कर ₹5.15 लाख और टॉप-स्पेक GS Trophy वेरिएंट की कीमत ₹5.30 लाख से बढ़कर ₹5.60 लाख हो गई है। सबसे ज्यादा ₹30,000 की बढ़ोतरी GS Trophy वेरिएंट में की गई है।
BMW F 450 GS में 420cc का पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है, जो 48hp की पावर और 43Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इस इंजन के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है। बाइक में Rain, Road और Enduro जैसे राइडिंग मोड दिए गए हैं, जिनके जरिए अलग-अलग सड़क और ऑफ-रोड परिस्थितियों के हिसाब से थ्रॉटल रिस्पॉन्स, ट्रैक्शन कंट्रोल और ABS को एडजस्ट किया जा सकता है। बाइक में स्टील ट्यूब फ्रेम और स्टील ट्यूब सब-फ्रेम दिया गया है। सस्पेंशन के लिए आगे 43mm USD फोर्क्स और पीछे मोनोशॉक मिलता है। ब्रेकिंग सिस्टम में दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक के साथ ABS Pro दिया गया है। इसके अलावा बाइक में राइड-बाय-वायर थ्रॉटल, एंटी-हॉपिंग क्लच, डायनेमिक ट्रैक्शन कंट्रोल और डायनेमिक इंजन ब्रेक कंट्रोल जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
BMW F 450 GS में 6.5 इंच का कलर TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है, जिसमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी मिलती है। बाइक में हीटेड ग्रिप्स, USB Type-C पोर्ट और ऑन-बोर्ड कंप्यूटर जैसे फीचर्स भी हैं। इसके अलावा क्लच, हैंडब्रेक और फुटब्रेक लीवर को एडजस्ट किया जा सकता है। बेस और Exclusive वेरिएंट Cosmic Black कलर में उपलब्ध हैं, जबकि GS Trophy वेरिएंट Racing Blue कलर में आता है। इसमें व्हाइट हैंड प्रोटेक्शन, टिंटेड Rallye विंडस्क्रीन, व्हाइट चेसिस एलिमेंट्स और एल्युमिनियम इंजन गार्ड जैसे अतिरिक्त डिजाइन एलिमेंट्स भी मिलते हैं। GS Trophy वेरिएंट में Easy Ride Clutch (E-Clutch) और एडजस्टेबल स्पोर्ट सस्पेंशन भी दिया गया है।
BMW F 450 GS का निर्माण भारत में कंपनी के चेन्नई प्लांट में किया जाता है और यहां से इसे यूरोप सहित कई विदेशी बाजारों में एक्सपोर्ट किया जाता है।