• ऑटो बाजार में पहली बार कार खरीदने वालों की हिस्सेदारी बढ़ी
• कार खरीदने वालों की बदली पसंद, नए ग्राहक छोटी कार से SUV तक पहुंचे
पहली बार कार खरीदने वाले ग्राहकों की बाजार में वापसी हुई है। इसका सीधा असर छोटी कारों और एंट्री-लेवल वाहनों की बिक्री पर दिखाई दे रहा है। कम टैक्स के कारण कारों की कीमतों पर दबाव घटा है और नए ग्राहक अब दोबारा शोरूम का रुख कर रहे हैं। इससे देश में कारों की बिक्री का दायरा भी बढ़ रहा है। मारुति सुजुकी के आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल से अगस्त के बीच उसकी कुल बिक्री में पहली बार कार खरीदने वालों की हिस्सेदारी बढ़कर 54 फीसदी हो गई। एक साल पहले यह आंकड़ा करीब 42 फीसदी था।
टाटा मोटर्स ने भी पहली बार कार खरीदने वाले ग्राहकों की संख्या में पिछले एक साल के दौरान 6-7 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की है। वहीं महिंद्रा एंड महिंद्रा के एंट्री-लेवल एसयूवी मॉडल की बिक्री में अप्रैल-अगस्त के दौरान सालाना आधार पर करीब 20 फीसदी की वृद्धि हुई। वित्त वर्ष 2026 में इसी अवधि में कंपनी की वृद्धि करीब 5 फीसदी रही थी।
कार बाजार में नए ग्राहकों की वापसी के पीछे कम टैक्स को एक अहम वजह माना जा रहा है। सरकार ने छोटे वाहनों पर जीएसटी को 28 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी किया था। चार मीटर से छोटी कारों पर टैक्स में इस कटौती से एंट्री-लेवल कारों को खरीदना पहले के मुकाबले ज्यादा आसान हुआ है।
अप्रैल से अगस्त के दौरान भारतीय यात्री वाहन उद्योग की बिक्री में सालाना आधार पर 28 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। टैक्स में कटौती का सबसे बड़ा असर छोटी कारों पर दिखाई दे रहा है। मारुति सुजुकी की Alto और S-Presso जैसी छोटी कारों की बिक्री अप्रैल-अगस्त के दौरान 96 फीसदी बढ़कर 67,334 यूनिट पहुंच गई। कंपनी का कहना है कि यह वृद्धि कम बेस पर हुई है। 18 फीसदी जीएसटी वाली श्रेणी में आने वाले वाहनों की कुल बिक्री भी अप्रैल-अगस्त में 29 फीसदी बढ़कर 12.4 लाख यूनिट हो गई।
भारतीय ग्राहक एक बार फिर छोटी और किफायती कारों की तरफ लौट रहे हैं। Swift, Baleno और WagonR जैसे मॉडल इस साल अब तक सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों की सूची में शामिल हैं। इसके बावजूद SUV की लोकप्रियता कम नहीं हुई है। टाटा मोटर्स के मुताबिक, GST कटौती के बाद उसके Nexon और Punch की बिक्री में संयुक्त रूप से करीब 60 फीसदी की वृद्धि हुई है। GST 2.0 के बाद SUV सेगमेंट में 67 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है।
महिंद्रा एंड महिंद्रा को भी पहली बार कार खरीदने वाले ग्राहकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। अप्रैल-अगस्त के दौरान कंपनी की एंट्री यूटिलिटी व्हीकल बिक्री 19.8 फीसदी बढ़कर 1,06,699 यूनिट हो गई। टैक्स में कटौती और बेहतर होती खरीद क्षमता ने भारतीय कार बाजार में पहली बार वाहन खरीदने वाले ग्राहकों को फिर से सक्रिय किया है।
