1.95 लाख रुपये में Honda की 350cc बाइक्स का नया अवतार लॉन्च

1.95 लाख रुपये में Honda की 350cc बाइक्स का नया अवतार लॉन्च

नए रंग-ग्राफिक्स से बढ़ा जलवा, तीनों मॉडल की बुकिंग शुरू

Honda ने भारत में अपनी 350cc मोटरसाइकिल रेंज को नए अंदाज में पेश किया है। कंपनी ने CB350, CB350C और CB350RS को नए कलर और ग्राफिक्स के साथ अपडेट किया है। खास बात यह है कि इन बाइक्स में किसी तरह का मैकेनिकल बदलाव नहीं किया गया है। यानी इंजन, चेसिस, सस्पेंशन, ब्रेकिंग सिस्टम और फीचर्स का मौजूदा सेटअप ही जारी रखा गया है। नई रेंज की कीमत ₹1.95 लाख से शुरू होती है। तीनों मॉडल की बुकिंग Honda BigWing डीलरशिप के जरिए शुरू हो गई है।
नई रेंज में Honda CB350 सबसे कम कीमत वाली बाइक है। इसके STD वेरिएंट की कीमत ₹1,95,200, DLX की ₹1,97,900 और Chrome वेरिएंट की कीमत ₹1,99,900 है। वहीं CB350C की कीमत ₹2,00,300 से शुरू होती है। इसका DLX वेरिएंट ₹2,02,700 और Special Edition ₹2,04,700 में आता है। दूसरी ओर CB350RS के STD वेरिएंट की कीमत ₹1,99,990 और DLX वेरिएंट की कीमत ₹2,02,500 है। सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं।
Honda ने तीनों मॉडल में नए रंग और ग्राफिक्स शामिल किए हैं। इससे बाइक का लुक पहले की तुलना में ज्यादा फ्रेश नजर आता है। कंपनी ने तीनों मॉडल की अलग-अलग पहचान को भी बरकरार रखा है। CB350 अपने क्लासिक रेट्रो अंदाज में है, CB350C को कस्टम-क्रूजर स्टाइल मिलता है, जबकि CB350RS का डिजाइन कैफे-रेसर से प्रेरित है।
CB350C Special Edition को खास तौर पर नए रंग और ग्राफिक्स के साथ पेश किया गया है। इसमें स्ट्राइप्ड ग्राफिक्स और Special Edition की बैजिंग मिलती है। इस वेरिएंट में Rebel Red Metallic और Matt Dune Brown जैसे नए कलर शामिल किए गए हैं। वहीं CB350RS में Pearl Igneous Black, Pearl Deep Ground Grey और Rebel Red Metallic जैसे कलर विकल्प मिलते हैं।
इंजन की बात करें तो यहां कोई बदलाव नहीं किया गया है। तीनों बाइक्स में वही 348.36cc एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है। इसे 5-स्पीड गियरबॉक्स और असिस्ट-स्लिपर क्लच के साथ जोड़ा गया है। CB350 और CB350RS में यह इंजन 20.8 bhp की पावर और 30 Nm का पीक टॉर्क पैदा करता है। वहीं CB350C में 20.8 bhp की पावर के साथ 29.5 Nm का अधिकतम टॉर्क मिलता है।
फीचर्स के मामले में भी Honda ने मौजूदा पैकेज को ही आगे बढ़ाया है। मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से बाइक में Honda RoadSync कनेक्टिविटी, Honda Selectable Torque Control (HSTC), ऑल-LED लाइटिंग और डुअल-चैनल ABS जैसे फीचर्स मिलते हैं। CB350C में हेरिटेज-स्टाइल एनालॉग-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के साथ Honda Smartphone Voice Control System यानी HSVCS भी दिया गया है।