सात इंडियन यूनिवर्सिटीज स्टूडेंट्स संग फ्यूचर स्मार्ट कार बनाएगा Hyundai

सात इंडियन यूनिवर्सिटीज स्टूडेंट्स संग फ्यूचर स्मार्ट कार बनाएगा Hyundai

AI और स्मार्ट टेक्नोलॉजी से बदलेगी कार की दुनिया, Hyundai ने शुरू किया खास इनोवेशन प्रोग्राम

भविष्य की कारों पर होगा महामंथन, Hyundai के साथ जुड़ेंगे 7 भारतीय विश्वविद्यालय

10 लाख रुपये की इनामी चुनौती! Hyundai ने छात्रों को दिया स्मार्ट मोबिलिटी का मिशन

Hyundai Motor Group ने भारत में इंडस्ट्री और एकेडेमिया के बीच सहयोग को नई दिशा देने के लिए दो बड़े कार्यक्रम शुरू किए हैं। Hyundai Centre of Excellence (Hyundai CoE) के तहत शुरू किए गए इन कार्यक्रमों में देश के सात प्रमुख विश्वविद्यालयों के छात्र और शोधकर्ता भविष्य की मोबिलिटी तकनीकों पर काम करेंगे। Mobility Innovation Ideathon भारत के प्रमुख विश्वविद्यालयों के छात्रों के रचनात्मक आइडिया सामने लाने और भारतीय मोबिलिटी बाजार व ग्राहकों को बेहतर तरीके से समझने का महत्वपूर्ण अवसर है। Hyundai CoE की स्थापना 2025 में हुई थी। यह Hyundai Motor Group का सहयोगी रिसर्च प्लेटफॉर्म है, जिसमें IIT दिल्ली, IIT बॉम्बे, IIT मद्रास, IIT कानपुर, IIT हैदराबाद, Visvesvaraya National Institute of Technology (VNIT) नागपुर और तेजपुर यूनिवर्सिटी शामिल हैं।
कंपनी की इस पहल का उद्देश्य केवल अलग-अलग रिसर्च प्रोजेक्ट तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि भारतीय प्रतिभाओं को विकसित करना, नए आइडिया तैयार करना, रिसर्च नेटवर्क को मजबूत करना और भविष्य की मोबिलिटी के लिए नई तकनीकों को बढ़ावा देना है। इसके तहत Mobility Innovation Ideathon और Research Synergy Forum का आयोजन किया जाएगा। Mobility Innovation Ideathon सितंबर से दिसंबर 2026 की शुरुआत तक चलेगा। इसमें सातों संस्थानों के छात्र वाहन के अंदर बेहतर अनुभव की थीम पर अपने नए आइडिया पेश करेंगे।
प्रतियोगिता में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल टेक्नोलॉजी, सॉफ्टवेयर-डिफाइंड व्हीकल, यूजर एक्सपीरियंस और पर्सनलाइज्ड मोबिलिटी सर्विसेज जैसी तकनीकों पर खास फोकस रहेगा। छात्रों को ऐसे कॉन्सेप्ट तैयार करने होंगे, जो भारतीय ग्राहकों की जरूरतों और देश के मोबिलिटी माहौल को ध्यान में रखकर विकसित किए गए हों। प्रतियोगिता के लिए चार कैटेगरी तय की गई हैं, जिनमें India-Smart Interaction, AI-Powered & Digital In-Vehicle Experience, Next-Generation In-Vehicle Interface और Smart Value Innovation शामिल हैं। हर भाग लेने वाला विश्वविद्यालय पहले अपने स्तर पर छात्रों के प्रस्तावों की स्क्रीनिंग करेगा। प्रारंभिक विजेताओं की घोषणा 30 अक्टूबर को की जाएगी। इसके बाद चुनी गई टीमें Hyundai Motor Group के जजों के सामने ऑफलाइन सेमीफाइनल में अपने आइडिया पेश करेंगी।
फाइनल राउंड में सात टीमें अपने आइडिया प्रस्तुत करेंगी। यह मुकाबला 16 दिसंबर को होगा, जिसमें Hyundai Motor Group की जूरी ग्रैंड प्राइज विजेता का चयन करेगी। कंपनी की ओर से सातों फाइनलिस्ट टीमों के बीच करीब 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। Hyundai Motor India Engineering के मैनेजिंग डायरेक्टर Chang Yeon Cho ने कहा कि छात्रों के आइडिया भविष्य की मोबिलिटी रिसर्च और बेहतर ग्राहक अनुभव में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी आगे भी इस Ideathon को इंडस्ट्री और एकेडेमिया के बीच ऐसा सहयोग मंच बनाने की दिशा में विकसित करेगी, जो भारतीय प्रतिभाओं को Hyundai Motor Group से जोड़े।
छात्रों की प्रतियोगिता के साथ Hyundai CoE Research Synergy Forum भी आयोजित करेगा। इसका उद्देश्य Hyundai के शोधकर्ताओं और सातों विश्वविद्यालयों के फैकल्टी सदस्यों के बीच रिसर्च सहयोग को मजबूत करना है। इस फोरम में बैटरी, इलेक्ट्रिफिकेशन और फ्यूचर मोबिलिटी से जुड़ी रिसर्च के नतीजे साझा किए जाएंगे और आगे सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान की जाएगी। विश्वविद्यालयों में हो रहे शोध को Hyundai Motor Group के R&D डिवीजनों से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा।