एक चार्ज में 530Km, बुकिंग शुरू, 15 जुलाई से डिलीवरी, ट्रिपल स्क्रीन, Dolby Atmos और 540° कैमरा जैसे फीचर्स से भरपूर
मुंबई। भारतीय इलेक्ट्रिक कार बाजार में Tata Motors ने बड़ा दांव खेलते हुए अपनी आइकॉनिक Sierra को बिल्कुल नए इलेक्ट्रिक अवतार Sierra.ev के रूप में लॉन्च कर दिया है। यह सिर्फ एक नई SUV नहीं, बल्कि कंपनी की अब तक की सबसे एडवांस, लग्जरी और हाई-परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक SUV है। शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 18.79 लाख रुपये रखी गई है। बुकिंग शुरू हो चुकी है, जबकि 15 जुलाई 2026 से डिलीवरी मिलेगी।
नई Sierra.ev उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है जो शानदार डिजाइन, लंबी रेंज, दमदार परफॉर्मेंस, लग्जरी इंटीरियर और लेटेस्ट टेक्नोलॉजी एक ही गाड़ी में चाहते हैं। इसमें 75kWh की बड़ी बैटरी, 510 से 530 किलोमीटर तक की रियल वर्ल्ड ड्राइविंग रेंज, 665 किलोमीटर की MIDC रेंज, 5.8 सेकेंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार, 504Nm का टॉर्क, ऑल-व्हील ड्राइव (QWD) और लाइफटाइम हाई-वोल्टेज बैटरी वारंटी जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
Tata का दावा है कि Sierra.ev एक बार फुल चार्ज होने पर वास्तविक परिस्थितियों में 510-530 किलोमीटर तक चल सकती है। ARAI के अनुसार इसकी रेंज 665 किलोमीटर तक है। महज 15 मिनट की चार्जिंग में करीब 263 किलोमीटर चलाने लायक बैटरी मिल जाएगी, जबकि 20 से 80 प्रतिशत चार्ज होने में लगभग 26 मिनट लगेंगे।
Sierra.ev में ड्यूल मोटर QWD (ऑल-व्हील ड्राइव) सिस्टम दिया गया है, जो 306PS की पावर और 504Nm टॉर्क पैदा करता है। Boost Mode ऑन करते ही यह SUV सिर्फ 5.8 सेकेंड में 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है।
इसके अलावा Snow, Mud, Sand, Rock Crawl, Custom समेत 6 टेरेन मोड दिए गए हैं, जिससे यह शहर की सड़कों से लेकर पहाड़ी और ऑफ-रोड रास्तों पर भी शानदार प्रदर्शन करेगी।
Sierra.ev का केबिन किसी प्रीमियम लाउंज से कम नहीं है। इसमें कंपनी ने ट्रिपल स्क्रीन डैशबोर्ड, Dolby Atmos सपोर्ट वाला 12-स्पीकर JBL ऑडियो सिस्टम, SonicShaft साउंडबार, भारत का पहला AirConsole इन-कार गेमिंग सिस्टम, PanoraMax सनरूफ, Powered सीटें, 622 लीटर का बड़ा बूट स्पेस और Gesture Powered Tailgate जैसे फीचर्स दिए हैं।
SUV में 19 विजुअल्स वाला HypAR HUD, 540 डिग्री HD कैमरा, Transparent Mode, Auto Park Assist, Summon Mode, Remote Parking, Level-2+ ADAS के 22 सेफ्टी फीचर्स, 70 से ज्यादा कनेक्टेड कार फीचर्स, 5G सपोर्ट, OTA अपडेट, DrivePay (इन-कार UPI पेमेंट) और Android Auto के साथ इंटेलिजेंट EV Route Planner जैसे आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं। Sierra.ev में Vehicle-to-Load (V2L) और Vehicle-to-Vehicle (V2V) तकनीक भी दी गई है। यानी जरूरत पड़ने पर इस SUV की बैटरी से दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चलाए जा सकते हैं या दूसरी इलेक्ट्रिक गाड़ी को भी चार्ज किया जा सकता है। नई Sierra.ev को Pristine White, Pure Grey, Coorg Clouds, Bengal Rouge, Andaman Adventure, Rishikesh Rapids और Nainital Nocturne जैसे सात आकर्षक रंगों में पेश किया गया है।
