Greaves cottonने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में गियर बदला, दुबई बना नया ग्लोबल हब

Greaves cottonने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में गियर बदला, दुबई बना नया ग्लोबल हब

• ई-पावरट्रेन और विदेशी बाजार से कारोबार बढ़ाएगी कंपनी

• 31% बढ़ी कमाई, 101% उछला EV रजिस्ट्रेशन, ग्रीव्स ने दिखाई दमदार रफ्तार

नई दिल्ली: इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और विदेशी बाजारों में तेजी से बढ़ने की रणनीति पर काम कर रही Greaves Cotton ने अब एक्सपोर्ट को अपनी नई ग्रोथ इंजन बना लिया है। कंपनी ने मध्य पूर्व और अफ्रीका के कारोबार को मजबूत करने के लिए दुबई में Greaves International Trading FZE की स्थापना की है। साथ ही इलेक्ट्रिक पावरट्रेन, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग और ऊर्जा समाधान जैसे नए क्षेत्रों में भी निवेश बढ़ाया जा रहा है।
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और ग्रुप CEO पराग सतपुते ने तिमाही नतीजों के बाद कहा कि ऑटोमोटिव इंजन कारोबार ने पहली तिमाही में सालाना आधार पर 36% की शानदार वृद्धि दर्ज की है।
ग्रीव्स अपने इलेक्ट्रिक पावरट्रेन प्रोग्राम का L3 और L5 सेगमेंट के कई वाहन निर्माताओं के साथ परीक्षण कर रही है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी के मोबिलिटी बिजनेस का राजस्व 18% बढ़ा है।
इंजीनियर्ड कंपोनेंट्स कारोबार Excel ने भी वापसी करते हुए 14% की सालाना वृद्धि दर्ज की है। कंपनी को TAFE और Caterpillar UK जैसे नए ग्राहक भी मिले हैंष
कंपनी अपनी Greaves.Next रणनीति के तहत चाकण स्थित स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में रोबोटिक गैंट्री सेल शुरू कर चुकी है। इसके अलावा बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) की पायलट सुविधा भी शुरू की गई है।
ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी (GEML) ने पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया। कंपनी के EV वाहनों का वाहन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन 101% बढ़ा, जबकि पूरे उद्योग की वृद्धि 75% रही। कंपनी की राष्ट्रीय बाजार हिस्सेदारी एक साल पहले के 3.2% से बढ़कर 5.6% हो गई है। बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जैसे प्रमुख राज्यों में कंपनी की मजबूत पकड़ बन चुकी है, जहां इसकी हिस्सेदारी 14-15% तक पहुंच गई है।
अंतरराष्ट्रीय कारोबार भी तेजी से बढ़ रहा है। पहली तिमाही में कंपनी के मुख्य कारोबार की आय में करीब 13% योगदान निर्यात से आया। दुबई में स्थापित नया हब मध्य पूर्व और अफ्रीका में वितरण नेटवर्क मजबूत करेगा और नए ग्राहकों तक पहुंच आसान बनाएगा। कंपनी ने इस दौरान अग्निशमन इंजनों का निर्यात भी शुरू किया और सैन्य ट्रकों के लिए इंजन की रक्षा क्षेत्र की एक बड़ी आपूर्ति भी पूरी की।
हालांकि पहली तिमाही में कंपनी का समेकित राजस्व 31% बढ़कर 975 करोड़ रुपये पहुंच गया, कंपनी का कहना है कि दूसरी तिमाही पहली तिमाही से बेहतर रहने की उम्मीद है, जबकि वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में प्रदर्शन और मजबूत होगा। Greaves cottonने दोहराया है कि Greaves.Next रणनीति के तहत कंपनी का लक्ष्य मध्यम अवधि में हर साल 16% से 20% की वृद्धि हासिल करना है।