सिर्फ 9 मिनट में 10 से 97% चार्ज! Denza Z9 GT की तकनीक ने खींचा ध्यान
₹85–90 लाख की हो सकती है ई-एमपीवी, MG M9 को देगी टक्कर
एक चार्ज में 520 किमी तक चलेगी Denza D9, लग्जरी सफर का नया विकल्प
चीन की दिग्गज इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी BYD भारत के लग्जरी कार बाजार में बड़ा दांव खेलने जा रही है। कंपनी की प्रीमियम कार ब्रांड Denza की भारत में एंट्री 13 नवंबर को होगी। भारत में Denza की पहली कार D9 लग्जरी इलेक्ट्रिक MPV होने की उम्मीद है, जिसकी अनुमानित कीमत 85 लाख से 90 लाख के बीच हो सकती है। इसके बाद Z9 GT इलेक्ट्रिक कार भी पेश की जा सकती है। Z9 GT की खासियत इसकी 1,140 bhp की ताकत और महज 2.7 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने की क्षमता है। वहीं, D9 एक बार चार्ज करने पर 520 किलोमीटर तक चलने का दावा करती है। इन मॉडलों के जरिए BYD की नजर उन भारतीय ग्राहकों पर है, जो लग्जरी, आराम, आधुनिक तकनीक और दमदार इलेक्ट्रिक परफॉर्मेंस चाहते हैं।
Denza D9 को भारत में लग्जरी MPV सेगमेंट में उतारे जाने की उम्मीद है। इसका मुकाबला MG M9, Kia Carnival, Toyota Vellfire, Lexus LM और Mercedes-Benz V-Class जैसी गाड़ियों से हो सकता है। यह उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर बनाई गई है, जो बड़ी और आरामदायक गाड़ी चाहते हैं। खासकर बिजनेस क्लास, बड़े परिवारों और फिल्मी सितारों के बीच ऐसी गाड़ियों की मांग रहती है।
भारत में आने वाले D9 मॉडल में 103 kWh की बैटरी मिलने की संभावना है। इसमें आगे की तरफ लगी इलेक्ट्रिक मोटर 308 bhp की अधिकतम ताकत और 360 Nm का टॉर्क दे सकती है। कंपनी के बताए गए आंकड़ों के मुताबिक, यह एक बार चार्ज करने पर 520 किलोमीटर तक चल सकती है। यह 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार केवल 6.9 सेकंड में पकड़ सकती है। इसमें 200 kW DC फास्ट चार्जिंग की सुविधा मिलने की भी उम्मीद है। इसकी संभावित एक्स-शोरूम कीमत ₹85 लाख से ₹90 लाख के बीच हो सकती है।
Denza की दूसरी चर्चित कार Z9 GT है। इसका डिजाइन सामान्य सेडान से अलग है। इसे चार दरवाजों वाली शूटिंग ब्रेक कार कहा जाता है। इसमें स्पोर्ट्स कार जैसी स्टाइलिंग के साथ ज्यादा व्यावहारिकता देने की कोशिश की गई है।
इसमें 122.5 kWh की बैटरी और तीन इलेक्ट्रिक मोटर मिलने की जानकारी है। ये मोटर मिलकर 1,140 bhp की ताकत पैदा कर सकती हैं। यह कार महज 2.7 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी अधिकतम रफ्तार 270 किमी प्रति घंटा बताई गई है।
Z9 GT की WLTP प्रमाणन प्रक्रिया पर आधारित रेंज 600 किलोमीटर तक है। कंपनी ने इसके लिए 1,500 kW तक की अल्ट्रा-फास्ट चार्जिंग क्षमता का भी दावा किया है। यह नौ मिनट में 10 से 97 प्रतिशत तक चार्ज हो सकती है।
