Ola Electric की वापसी तेज, बिक्री 97% उछली; मार्केट शेयर 8.4% पर पहुंचा

Ola Electric की वापसी तेज, बिक्री 97% उछली; मार्केट शेयर 8.4% पर पहुंचा

बेंगलुरु। इलेक्ट्रिक दोपहिया बाजार में अपनी पकड़ फिर मजबूत करने की कोशिश कर रही Ola Electric ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में बेहतर प्रदर्शन किया है। अप्रैल से जून 2026 की तिमाही में Ola Electric ने 39,192 इलेक्ट्रिक वाहन बेचे। इस दौरान कंपनी की कमाई बढ़कर 455 करोड़ रुपये पहुंच गई। कमाई बढ़ने के बावजूद कंपनी ने अपने खर्च में 22 फीसदी की कटौती की और ऑपरेटिंग खर्च घटकर 333 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी का ग्रॉस मार्जिन 30.5 फीसदी रहा। इस दौरान Ola की बिक्री की रफ्तार पूरे इलेक्ट्रिक दोपहिया बाजार से काफी तेज रही। Ola के वाहनों के रजिस्ट्रेशन 97 फीसदी बढ़े, जबकि पूरे इलेक्ट्रिक दोपहिया बाजार की बढ़ोतरी सिर्फ 17 फीसदी रही। Ola की हिस्सेदारी पिछली तिमाही के 5.1 फीसदी से बढ़कर 8.4 फीसदी हो गई।

Ola Electric के Q4 FY26 में करीब 22,522 ऑर्डर के मुकाबले Q1 FY27 में ऑर्डर बढ़कर करीब 44,071 यूनिट हो गए। इसी दौरान डिलिवरी भी करीब 20,256 से बढ़कर 39,192 यूनिट पहुंच गई।ऑटो कारोबार का रेवेन्यू 265 करोड़ रुपये से बढ़कर करीब 455 करोड़ रुपये हो गया। वहीं ग्रॉस प्रॉफिट करीब 139 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का लक्ष्य तिमाही ऑपरेटिंग खर्च को आगे चलकर करीब 300 करोड़ रुपये के आसपास रखने का है।

Ola की रजिस्ट्रेशन ग्रोथ इस तिमाही में 97 फीसदी बढ़े, जबकि पूरे E2W बाजार की वृद्धि 17 फीसदी रही। उत्तर और पूर्वी भारत में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और असम जैसे राज्यों से कंपनी को मजबूत बिक्री मिली। पश्चिम और दक्षिण भारत में भी गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु जैसे बाजारों में बिक्री में सुधार हुआ। Ola Roadster इलेक्ट्रिक बाइक के जरिए कंपनी अपने संभावित ग्राहक आधार को बढ़ा रही है। तिमाही में बाइक डिलीवरी 67 फीसदी बढ़ी।

Ola के लिए खुद की बैटरी सेल टेक्नोलॉजी भी बड़ा हथियार बन रही है। कंपनी का लक्ष्य LFP सेल को 4kWh से कम बैटरी वाले स्कूटरों में इस्तेमाल कर बैटरी लागत घटाने और वाहनों को ज्यादा किफायती बनाने का है। Ola ने अपने बिक्री नेटवर्क में AI का इस्तेमाल बढ़ाया है। तिमाही के दौरान Ola Electric ने 780 करोड़ रुपये का Qualified Institutional Placement (QIP) भी पूरा किया। अब Ola का अगला फोकस बिक्री बढ़ाने, खर्च को और काबू में रखने, AI का इस्तेमाल बढ़ाने, डीलर नेटवर्क फैलाने, अपनी बैटरी सेल का ज्यादा इस्तेमाल करने और Gigafactory की क्षमता को मोबिलिटी और एनर्जी स्टोरेज कारोबार में लगाने पर है।