नई दिल्ली। स्मार्टफोन और टीवी के बाद Xiaomi अब इंडियन घरों में अपनी पकड़ और मजबूत करने की तैयारी में है। कंपनी ने इंडिया में अपना नया Home और Lifestyle सब-ब्रांड ‘Mijia by Xiaomi’ लॉन्च कर दिया है। इसके तहत आने वाले समय में बड़े घरेलू उपकरण (Large Appliances) भी बाजार में उतारे जाएंगे। भारत में कारोबार के 12 साल पूरे होने के मौके पर कंपनी ने Mijia को पेश किया है।
Xiaomi ने 2014 में इंडिया में कदम रखा था। शुरुआत स्मार्टफोन से हुई, लेकिन धीरे-धीरे कंपनी ने स्मार्ट टीवी, टैबलेट और AIoT यानी स्मार्ट कनेक्टेड डिवाइस जैसी कई कैटेगरी में विस्तार किया। अब कंपनी की नजर सीधे भारतीय घरों पर है। Mijia के जरिए Xiaomi एयर प्यूरीफायर जैसी मौजूदा Home कैटेगरी को मजबूत करेगी और आने वाले समय में Large Appliances में भी कदम बढ़ाएगी। Mijia का मतलब ‘Mi Home’ है। यह Xiaomi Group का Home और Lifestyle सब-ब्रांड है। कंपनी के मुताबिक आगे से उसके Home और Lifestyle प्रोडक्ट्स पर Mijia by Xiaomi की ब्रांडिंग देखने को मिलेगी।
Mijia अब Xiaomi के ब्रैंड पोर्टफोलियो में Xiaomi, Redmi और POCO के साथ एक अलग पहचान के रूप में शामिल होगा। हालांकि उत्पादों में Xiaomi Group की टेक्नोलॉजी, इनोवेशन और क्वालिटी स्टैंडर्ड बरकरार रहेंगे। कंपनी अब सिर्फ छोटे स्मार्ट होम डिवाइस तक सीमित नहीं रहना चाहती। Xiaomi India ने साफ किया है कि वह Large Appliances Category में रणनीतिक तरीके से विस्तार करेगी। आने वाले समय में भारतीय बाजार में Mijia ब्रांड के तहत घर में इस्तेमाल होने वाले बड़े उपकरणों की नई रेंज देखने को मिल सकती है।
Xiaomi ने 2023 में अपनी ग्लोबल Human × Car × Home रणनीति पेश की थी। इसका मकसद स्मार्टफोन, स्मार्ट होम और कार समेत अलग-अलग डिवाइस को एक कनेक्टेड इकोसिस्टम में जोड़ना है। भारत में कंपनी ने अब तक ‘Human’ हिस्से में स्मार्टफोन, टैबलेट और टीवी जैसी कैटेगरी को मजबूत किया है। अब Mijia के जरिए ‘Home’ हिस्से को बड़ा करने की तैयारी है। कंपनी का लक्ष्य ऐसा कनेक्टेड अनुभव देना है, जिसमें घर के अलग-अलग स्मार्ट डिवाइस एक-दूसरे के साथ आसानी से काम कर सकें। Mijia की भारत में Home बिजनेस को बड़े स्तर पर खड़ा करने की रणनीति है।
