फेस्टिवल में बंपर सेल की उम्मीद: कंपनियों ने खोला खजाना, मार्केटिंग बजट 20% तक बढ़ाया

फेस्टिवल में बंपर सेल की उम्मीद: कंपनियों ने खोला खजाना, मार्केटिंग बजट 20% तक बढ़ाया

नई दिल्ली। Hyundai Motor, Maruti Suzuki, Hero MotoCorp, Amul, Parle Products, Haier, Havells, Hisense और Godrej Appliances जैसी कंपनियां इस बार Onam से लेकर धनतेरस और दिवाली तक जोरदार मार्केटिंग की तैयारी में हैं।

अक्टूबर से दिसंबर का समय भारत में उपभोक्ता कंपनियों के लिए सबसे बड़ा बिक्री सीजन माना जाता है।Hyundai और LG ने हाल में विश्लेषकों को बताया कि उनके डीलरों ने इस बार सामान्य से काफी पहले त्योहारी स्टॉक जुटाना शुरू कर दिया है। कंपनियों को स्वतंत्रता दिवस के दौरान हुई रिकॉर्ड बिक्री से भी मांग मजबूत रहने के संकेत मिले हैं। कंपनियों और डीलरों को भरोसा है कि आने वाले महीनों में ग्राहक कार, बाइक, टीवी, फ्रिज, मोबाइल, कपड़े और रोजमर्रा के सामान पर ज्यादा खर्च कर सकते हैं।

डेयरी कंपनी Amul ने अपने मार्केटिंग बजट में करीब 20% की बढ़ोतरी की है। कंपनी के एमडी जयेन मेहता के मुताबिक, पूरे साल अलग-अलग उत्पाद श्रेणियों में शानदार वृद्धि देखने को मिली है। इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी Haier India इस त्योहारी सीजन में करीब 60 करोड़ रुपये मार्केटिंग पर खर्च करेगी। टीवी कंपनी Hisense India ने मार्केटिंग खर्च को और आक्रामक तरीके से बढ़ाने की तैयारी की है। कंपनी इस त्योहारी सीजन में अपनी बिक्री का करीब 8% मार्केटिंग पर खर्च करेगी, जबकि पिछले साल यह हिस्सा 4.5% था।

Havells ने भी जून तिमाही में विज्ञापन खर्च पिछले साल की तुलना में दोगुना किया है और आगे भी ऊंचा खर्च बनाए रखने की योजना है। Lloyd ब्रांड पर भी कंपनी फोकस बढ़ा रही है। कंपनियों के सामने कच्चे माल की बढ़ती लागत और रुपये की कमजोरी जैसी चुनौतियां हैं। ऐसे में कीमतें बढ़ाकर पूरा बोझ ग्राहकों पर डालना जोखिम भरा है, क्योंकि इससे मांग प्रभावित हो सकती है। कंपनियां मार्केटिंग और ऑफर के जरिए बिक्री बढ़ाने और बाजार हिस्सेदारी हासिल करने पर जोर दे रही हैं। Hyundai और Hero MotoCorp भी नए मॉडल, ऑफर, डिजिटल कैंपेन, टीवी और प्रिंट मीडिया के जरिए ग्राहकों तक पहुंच बढ़ाने की तैयारी में हैं।