Bharat Semi का मेगा प्लान, कैमरे की आंख में ही दौड़ेगा AI का दिमाग
विदेशी चिप कंपनियों को मिलेगी टक्कर! भारतीय स्टार्टअप ने जुटाई बड़ी फंडिंग
एक ही चिप में कैमरा और AI की ताकत, Bharat Semi की तकनीक मचाएगी धूम
2027 में बाजार में आएंगे Bharat Semi के AI चिप्स, अमेरिका तक पहुंचने की तैयारी
मेक इन इंडिया को मिलेगा बूस्ट, सेमीकंडक्टर की दुनिया में भारत का बड़ा दांव
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सेमीकंडक्टर की दुनिया में भारत अपनी ताकत बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। इसी कड़ी में भारतीय स्टार्टअप Bharat Semi ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली स्थित इस कंपनी ने 24 मिलियन डॉलर यानी करीब 215 करोड़ रुपये की सीड फंडिंग जुटाई है। इस निवेश के साथ कंपनी का लक्ष्य ग्लोबल मार्केट के लिए ऐसी चिप्स बनाना है, जो कैमरों, ड्रोन और रोबोटिक्स को बिना किसी अतिरिक्त महंगे हार्डवेयर के दृश्य जानकारी को समझने और प्रोसेस करने में सक्षम बनाएंगी। कंपनी 2027 में शुरुआती व्यावसायिक उत्पादन शुरू करने की तैयारी कर रही है। एक ही चिप में कैमरा, प्रोसेसिंग और AI की ताकत जोड़ेगी। यही तकनीक Bharat Semi को वैश्विक सेमीकंडक्टर बाजार में अलग पहचान दिला सकती है।
Bharat Semi की सबसे खास तकनीक प्रोग्रामेबल इमेज सेंसर है। इसमें तस्वीर खींचने, उसे प्रोसेस करने और AI के जरिए उसका विश्लेषण करने की क्षमता एक ही चिप में होगी। आमतौर पर कैमरा तस्वीर खींचकर दूसरे प्रोसेसर को भेजता है। वहां तस्वीर का विश्लेषण होता है। लेकिन Bharat Semi ऐसी तकनीक तैयार कर रही है, जिसमें कैमरा खुद देखी गई चीजों को समझने में सक्षम होगा। इससे अलग-अलग महंगे हार्डवेयर की जरूरत कम हो सकती है। कंपनी का दावा है कि उसकी तकनीक पारंपरिक सिस्टम के मुकाबले लागत में कम से कम 70 फीसदी तक बचत कर सकती है।
इस तकनीक का इस्तेमाल कई क्षेत्रों में किया जा सकता है। स्मार्ट होम, औद्योगिक ऑटोमेशन, निगरानी व्यवस्था और एयरोस्पेस इसके प्रमुख क्षेत्र हैं। उदाहरण के तौर पर, AI सेंसर से लैस एयर कंडीशनर यह पहचान सकेगा कि कमरे में कोई मौजूद है या नहीं। इसके आधार पर वह अपनी कूलिंग को अपने आप नियंत्रित कर सकता है। इसी तरह ड्रोन भी महंगे कंप्यूटिंग हार्डवेयर पर निर्भर हुए बिना आसपास की चीजों का विश्लेषण कर सकेंगे।
Bharat Semi का दावा है कि उसे अमेरिकी डिफेंस टेक्नोलॉजी कंपनी General Atomics और भारत की Kaynes Semicon से डिजाइन संबंधी ऑर्डर या मंजूरी (Design Wins) मिल चुकी है। हालांकि, इसके सेंसर अभी विकास के चरण में हैं। कंपनी फिलहाल खुद चिप फैक्ट्री लगाने के बजाय Fabless मॉडल पर काम करेगी। चिप का डिजाइन और सॉफ्टवेयर खुद विकसित करेगी, जबकि निर्माण का काम दूसरी कंपनियों से करवाएगी।
