130 से ज्यादा प्रीमिया स्टोर, नई मोटरसाइकिलों की लंबी सूची और स्मार्ट तकनीक के दम पर कंपनी ने खोला विस्तार का रोडमैप
नई दिल्ली। Hero Motocorp ने प्रीमियम मोबिलिटी को अपने अगले बड़े विकास स्तंभ के रूप में आगे बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनी ने अनुज दुआ को प्रीमियम सेगमेंट का चीफ बिजनेस ऑफिसर नियुक्त करते हुए साफ किया है कि अब उसका फोकस सिर्फ नए मॉडल लॉन्च करने पर नहीं, बल्कि अलग रिटेल अनुभव, वैश्विक साझेदारियों, स्मार्ट तकनीक और राइडर कम्युनिटी के जरिए प्रीमियम बाजार में मजबूत पकड़ बनाने पर होगा।
अनुज दुआ संभालेंगे प्रीमियम कारोबार
हीरो मोटोकॉर्प ने अनुज दुआ को चीफ बिजनेस ऑफिसर–प्रीमियम सेगमेंट नियुक्त किया है। वह कंपनी के प्रीमियम कारोबार, उत्पाद विस्तार, रणनीतिक साझेदारियों और खास रिटेल अनुभवों की जिम्मेदारी संभालेंगे। अनुज दुआ इससे पहले हीरो मोटोकॉर्प, रॉयल एनफील्ड और बजाज ऑटो में काम कर चुके हैं। कंपनी के मुताबिक, उनके पास वैश्विक उत्पाद रणनीति, ब्रांड निर्माण और बाजार विस्तार का लंबा अनुभव है।
सिर्फ बाइक नहीं, पूरा प्रीमियम इकोसिस्टम तैयार करने की योजना
नई रणनीति के तहत कंपनी प्रीमियम, लाइफस्टाइल और परफॉर्मेंस श्रेणियों में मजबूत उपस्थिति बनाना चाहती है। इसके लिए उत्पादों के साथ राइडिंग इवेंट, विशेष मर्चेंडाइज और राइडर कम्युनिटी पर भी जोर दिया जाएगा। कंपनी का मकसद ग्राहकों को केवल वाहन बेचने तक सीमित नहीं रहना, बल्कि खरीद से लेकर स्वामित्व तक एक अलग अनुभव देना है।
इन नए मॉडल्स से मजबूत हुआ पोर्टफोलियो
वित्त वर्ष 2025-26 में हीरो मोटोकॉर्प ने अपने प्रीमियम पोर्टफोलियो में कई नए उत्पाद जोड़े। इनमें शामिल हैं—
- ग्लैमर एक्स
- एक्सट्रीम 125आर
- एक्सट्रीम 250आर
- जूम 160
- एक्सपल्स 210
- हार्ले-डेविडसन एक्स440 टी
कंपनी का दावा है कि इन मॉडल्स के जरिए वह मोटरसाइकिल और स्कूटर, दोनों श्रेणियों में प्रीमियम ग्राहकों तक पहुंच बढ़ा रही है।
देशभर में 130 से ज्यादा प्रीमिया स्टोर
Hero ने अपने विशेष हीरो प्रीमिया रिटेल और सर्विस नेटवर्क को देशभर में 130 से ज्यादा स्टोर तक पहुंचा दिया है। इन स्टोरों में प्रशिक्षित बिक्री सलाहकार, व्यक्तिगत ग्राहक सहायता और खास आफ्टर-सेल्स सर्विस उपलब्ध कराई जाएगी। कंपनी का मानना है कि इससे प्रीमियम ग्राहकों के साथ जुड़ाव मजबूत होगा।
‘गार्डन फैक्ट्री’ बनेगी तकनीकी बदलाव की धुरी
राजस्थान के नीमराना स्थित कंपनी की प्रमुख गार्डन फैक्ट्री इस प्रीमियम रणनीति का अहम हिस्सा होगी। यह संयंत्र ऑटोमेटेड मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल क्वालिटी कंट्रोल और टिकाऊ संचालन जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस है। हीरो मोटोकॉर्प इन क्षमताओं को धीरे-धीरे अपने अन्य उत्पादन केंद्रों तक ले जाने की योजना बना रही है।
OTA अपडेट और स्मार्ट राइडर फीचर्स पर जोर
कंपनी अपने प्रीमियम वाहनों में कनेक्टेड तकनीक, स्मार्ट राइडर इंटरफेस और उन्नत इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम जोड़ रही है। नई तकनीकों में ओवर-द-एयर अपडेट, अगली पीढ़ी की राइडर सहायता प्रणालियां और लगातार विकसित होने वाले डिजिटल फीचर्स शामिल होंगे। कंपनी का दावा है कि इससे वाहन अधिक सुरक्षित, स्मार्ट और आधुनिक बनेंगे।
मोटरस्पोर्ट से सड़क वाली बाइकों तक पहुंचेगी तकनीक
हीरो मोटोकॉर्प ने कहा कि हीरो मोटरस्पोर्ट्स उसके उत्पाद विकास में अहम भूमिका निभा रहा है। रेसिंग के कठिन अनुभवों से मिलने वाली सीख को चेसिस, इलेक्ट्रॉनिक राइडर एड्स, इंजन प्रदर्शन और टिकाऊपन में इस्तेमाल किया जा रहा है। कंपनी का मानना है कि मोटरस्पोर्ट से विकसित तकनीकें आगे उसके नियमित व्यावसायिक मॉडलों में भी दिखाई देंगी।
पवन मुंजाल बोले—प्रीमियम अनुभव की मांग तेजी से बढ़ रही
हीरो मोटोकॉर्प के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. पवन मुंजाल ने कहा कि दुनिया भर में ग्राहक अब केवल प्रीमियम उत्पाद नहीं, बल्कि खास और व्यक्तिगत अनुभव भी चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी नवाचार, डिजाइन, प्रदर्शन इंजीनियरिंग और ग्राहक जुड़ाव के जरिए इस बदलाव का जवाब दे रही है। उनके मुताबिक, नई प्रीमियम रेंज, रिटेल नेटवर्क और मोटरस्पोर्ट पहल कंपनी को वैश्विक स्तर पर मजबूत ब्रांड बनाने में मदद करेंगी।
