नई दिल्ली। इंडिया के टू-व्हीलर बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने इंडियन कस्टमर्स के लिए 10 नए मेड-इन-इंडिया टू-व्हीलर्स का पावरफुल पोर्टफोलियो पेश किया है। इसमें 7 बिल्कुल नए मॉडल और 3 अपडेटेड मॉडल शामिल हैं। होंडा ने इस नई रेंज में पेट्रोल बाइक, इलेक्ट्रिक स्कूटर और फ्लेक्स-फ्यूल टेक्नोलॉजी शामिल हैं।
नई रेंज में Honda ADV 160 एडवेंचर स्कूटर, Honda CB 500 रोडस्टर, Rebel 300 और Rebel 500 क्रूजर, XR 300L और XR 300 Rally एडवेंचर बाइक और Honda QC3 इलेक्ट्रिक स्कूटर जैसे मॉडल शामिल हैं। कंपनी इन्हें चरणबद्ध तरीके से इंडियन मार्केट में उतारेगी। होंडा ने इन नए मॉडलों के जरिए भारत में अपनी लोकल इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को और मजबूत करने का लक्ष्य रखा है। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया के प्रेसिडेंट और CEO त्सुत्सुमु ओटानी ने कहा कि नई 10-प्रोडक्ट रेंज के जरिए ग्राहकों को अलग-अलग जरूरतों और लाइफस्टाइल के हिसाब से ज्यादा विकल्प मिलेंगे।
होंडा ने ADV 160 को सिटी एडवेंचर स्कूटर के तौर पर पेश किया है। इसमें 160cc वाटर-कूल्ड इंजन मिलेगा। यह उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर बनाया गया है जो रोजाना शहर में चलाने के साथ वीकेंड पर लंबी राइड का मजा लेना चाहते हैं। इसमें 8.1 लीटर फ्यूल टैंक और 27 लीटर अंडर-सीट स्टोरेज मिलेगा। खास बात यह है कि यह भारत का पहला ऐसा स्कूटर होगा जो E85 फ्लेक्स-फ्यूल को सपोर्ट करेगा। बाइकिंग पसंद करने वालों के लिए होंडा CB 500 लेकर आई है। यह बाइक क्लासिक रेट्रो डिजाइन और आधुनिक फीचर्स का मिश्रण होगी। इसमें 501cc सिंगल सिलेंडर इंजन मिलेगा, जो बेहतर टॉर्क और स्मूथ राइडिंग का अनुभव देगा क्रूजर सेगमेंट में कंपनी Rebel 300 और Rebel 500 लेकर आ रही है। Rebel 300 में 286cc लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलेगा, जबकि Rebel 500 में 471cc ट्विन-सिलेंडर इंजन दिया जाएगा। दोनों मॉडल स्टैंडर्ड और E-Clutch वेरिएंट में उपलब्ध होंगे।
ऑफ-रोड और एडवेंचर राइडिंग पसंद करने वालों के लिए होंडा ने XR 300L और XR 300 Rally पेश की हैं। XR 300L को शहर और ऑफ-रोड दोनों जगह चलाने के लिए तैयार किया गया है। वहीं XR 300 Rally लंबी दूरी और मुश्किल रास्तों पर बेहतर प्रदर्शन के लिए बनाई गई है। होंडा ने इलेक्ट्रिक सेगमेंट में भी अपनी मौजूदगी मजबूत करने के लिए QC3 EV पेश किया है। इसमें 3 kWh बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी के मुताबिक यह स्कूटर 151 km IDC रेंज देने में सक्षम होगा। इसे 80 फीसदी तक चार्ज होने में करीब 2 घंटे 40 मिनट लगेंगे। होंडा अपनी चुनिंदा बाइक्स में E-Clutch टेक्नोलॉजी भी देगी।
