नई दिल्ली। देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कॉम्पैक्ट SUV में शामिल Maruti सुजुकी Brezza अब और ज्यादा दमदार अवतार में आ गई है। कंपनी ने शुक्रवार को नई Brezza Turbo Boosterjet लॉन्च कर दी। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹7.39 लाख रखी गई है। नई Brezza में पहली बार 1.0-लीटर टर्बो बूस्टरजेट इंजन, 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स, प्रोग्रेसिव स्मार्ट हाइब्रिड टेक्नोलॉजी, 5-स्टार भारत NCAP सेफ्टी, नया 10.1 इंच SmartPlay Pro X इंफोटेनमेंट सिस्टम और कई एडवांस सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं।
Maruti सुजुकी के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (मार्केटिंग एंड सेल्स) पार्थो बनर्जी ने कहा कि नई Brezza को युवाओं की बदलती जरूरतों और अलग-अलग लाइफस्टाइल को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। नई Brezza तीन पावरट्रेन विकल्पों में उपलब्ध है। सबसे खास Turbo Boosterjet वर्जन है, जिसमें 997cc टर्बो पेट्रोल इंजन मिलता है। यह इंजन 110.2 PS की पावर और 170 Nm टॉर्क देता है। इसके साथ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया गया है और कंपनी का दावा है कि यह 20.47 kmpl का माइलेज देगा। 1.5-लीटर K15C पेट्रोल इंजन स्मार्ट हाइब्रिड टेक्नोलॉजी के साथ उपलब्ध है, जो 103 PS पावर और 139 Nm टॉर्क देता है। इसमें नया 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का विकल्प मिलेगा। इसका दावा किया गया माइलेज 21.09 kmpl है।
CNG पसंद करने वाले ग्राहकों के लिए Brezza S-CNG भी पेश की गई है। इसमें नया अंडरबॉडी CNG टैंक दिया गया है, जिससे बूट स्पेस पर कोई असर नहीं पड़ता। यह वर्जन 26.9 km/kg तक का माइलेज देने का दावा करता है। नई ब्रेजा का एक्सटीरियर पहले से ज्यादा आकर्षक बनाया गया है। इसमें स्मोक क्रोम ग्रिल, नया मेटालिक ग्रे बुल बार, नए स्किड प्लेट, ड्यूल-टोन साइड क्लैडिंग और नए डिजाइन के 16-इंच प्रिसिजन-कट अलॉय व्हील दिए गए हैं। टर्बो मॉडल पर खास Turbo Boosterjet बैजिंग भी मिलती है।
नई Brezza को 5-स्टार भारत NCAP सेफ्टी रेटिंग के अनुरूप तैयार किया गया है। इसमें ब्लाइंड स्पॉट वार्निंग, लेन चेंज अलर्ट, रियर क्रॉस ट्रैफिक अलर्ट, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), इमरजेंसी स्टॉप सिग्नल, एग्जिट सपोर्ट वार्निंग, नया 360 डिग्री कैमरा, फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
SUV में 10.1-इंच SmartPlay Pro X टचस्क्रीन, बिल्ट-इन इंटरनेट, 35 से ज्यादा ऐप्स, OTA अपडेट, Alexa, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, 64-कलर एंबिएंट लाइटिंग, Arkamys साउंड सिस्टम, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, PM2.5 एयर फिल्टर, ऑटो प्यूरिफाई सिस्टम और एक्टिव कूलिंग वाला वायरलेस चार्जर जैसे प्रीमियम फीचर्स शामिल हैं। नई Brezza दो नए रंगों Vivacious Orange और Lustrous Beige में आई है। ग्राहकों को Turbo Package, Terrascape Package और Metroscape Package जैसे नए एक्सेसरी विकल्प भी मिलेंगे, जिनसे SUV को स्पोर्टी, एडवेंचर या अर्बन लुक दिया जा सकेगा।
