पेट्रोल के साथ CNG से चलेगी, 360° कैमरा और ADAS समेत मिलेंगे धांसू फीचर्स
नई दिल्ली। Hyundai भारतीय बाजार में अपनी SUV रेंज को और मजबूत करने की तैयारी में है। कंपनी की नई मिड-साइज SUV Bayon को अगले महीने लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। यह SUV कंपनी की Venue और Creta के बीच जगह बनाएगी। ग्राहक Venue से ज्यादा बड़ी और ज्यादा स्पेस वाली SUV चाहते हैं, लेकिन Creta तक नहीं जाना चाहते, उनके लिए यह नया विकल्प हो सकती है।
नई Hyundai Bayon में आगे की तरफ बोनट के पास चौड़ी लाइटिंग सिग्नेचर देखने को मिलेगी, जबकि मुख्य हेडलाइट यूनिट को फ्रंट फेसिया के निचले हिस्से में रखा जा सकता है। पीछे की तरफ कार में हॉरिजॉन्टल लाइटिंग एलिमेंट, सीधा रियर विंडस्क्रीन और छत पर लगा स्पॉयलर देखा गया है। इससे SUV का लुक काफी अलग और आधुनिक नजर आने की उम्मीद है। नई Bayon में इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और इंफोटेनमेंट सिस्टम के लिए दो डिजिटल डिस्प्ले दिए जाने की उम्मीद है। इसमें Hyundai का नया डिजाइन वाला स्टीयरिंग व्हील भी मिल सकता है, जिस पर कंपनी की फोर-डॉट सिग्नेचर डिजाइन देखने को मिलती है।
SUV में 360 डिग्री कैमरा, सनरूफ, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और ADAS जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं। हालांकि इन फीचर्स की उपलब्धता अलग-अलग वेरिएंट के हिसाब से हो सकती है। कंपनी ने अभी तक Bayon के आधिकारिक स्पेसिफिकेशन और पावरट्रेन की जानकारी जारी नहीं की है।
नई SUV में मुख्य रूप से पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है। Hyundai का 1.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन संभावित विकल्पों में शामिल हो सकता है। कंपनी इसमें फैक्ट्री-फिटेड CNG वर्जन भी ला सकती है। हालांकि इंजन, गियरबॉक्स और वेरिएंट के अंतिम कॉम्बिनेशन की जानकारी लॉन्च के करीब सामने आने की उम्मीद है।
Hyundai Bayon के आने से कंपनी के SUV पोर्टफोलियो में एक महत्वपूर्ण खाली जगह भर सकती है। अभी Venue सब-4-मीटर SUV सेगमेंट में है, जबकि Creta उससे ऊपर के सेगमेंट में आती है। Bayon इन दोनों के बीच ग्राहकों को ज्यादा स्पेस, SUV लुक और ज्यादा प्रीमियम फीचर्स देने की कोशिश करेगी। इसकी आधिकारिक कीमत और पूरी जानकारी लॉन्च के समय सामने आएगी।
