Tesla Roadster का काउंटडाउन शुरू, 1 अक्टूबर को सुपरकार से पर्दा उठाएंगे एलन मस्क

Tesla Roadster का काउंटडाउन शुरू, 1 अक्टूबर को सुपरकार से पर्दा उठाएंगे एलन मस्क

2017 में दिखाई, अब 2026 में होगी लॉन्च! Tesla Roadster की वापसी

नई दिल्ली। टेस्ला के बहुप्रतीक्षित इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार रोडस्टर का इंतजार अब खत्म होने वाला है। टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने घोषणा की है कि कंपनी 1 अक्टूबर 2026 को नई रोडस्टर से पर्दा उठाए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर टेस्ला के पोस्ट का जवाब देते हुए रोडस्टर के अनावरण की तारीख 1 अक्टूबर बताई। कंपनी ने भी ‘Go for launch’ संदेश के साथ इसकी ओर इशारा किया है। करीब एक दशक से चर्चा में रही यह कार अब टेस्ला की सबसे महत्वाकांक्षी कारों में शामिल हो सकती है।
नई रोडस्टर सामान्य हाई-परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक कार के बजाय एक ऑल-न्यू कार्बन-फाइबर हाइपरकार के रूप में सामने आ सकती है। टेस्ला ने पहले मॉडल एस प्लेड के कुछ कंपोनेंट पर आधारित एक अलग तकनीकी रास्ते पर विचार किया था, लेकिन बाद में उस योजना को छोड़ दिया गया। अब कंपनी एक नए डिजाइन और तकनीकी प्लेटफॉर्म पर काम कर रही है।
नई रोडस्टर के अनावरण के दौरान इसके स्पेशल लिमिटेड एडिशन मॉडल का प्रदर्शन भी किया जा सकता है। इस खास संस्करण में कोल्ड-गैस थ्रस्टर लगाए जाने की चर्चा है। ये तकनीक स्पेसएक्स के सहयोग से विकसित किए जाने की बात कही गई है। रिपोर्ट के अनुसार इसका प्रदर्शन टेक्सास के मैकग्रेगर स्थित स्पेसएक्स टेस्ट फैसिलिटी में हो सकता है।
रोडस्टर को लेकर एलन मस्क पहले भी बड़े दावे कर चुके हैं। यह कार मूल रूप से टेस्ला की पहली रोडस्टर की अगली पीढ़ी के रूप में पेश की गई थी, लेकिन इसके विकास में बार-बार देरी हुई। अब 1 अक्टूबर का अनावरण इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे कार के अंतिम डिजाइन, तकनीक और उत्पादन से जुड़ी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
टेस्ला ने हाल ही में सीमित क्षेत्रों में अपने दो सीटों वाले साइबरकैब की राइड भी शुरू की है। इस वाहन में स्टीयरिंग व्हील और पैडल नहीं हैं। मस्क इसे टेस्ला की भविष्य की ड्राइवरलेस कार रणनीति का अहम हिस्सा मानते हैं। ऐसे में रोडस्टर का नया अवतार टेस्ला की इलेक्ट्रिक कार तकनीक और हाई-परफॉर्मेंस इंजीनियरिंग का प्रदर्शन करने वाला मॉडल बन सकता है।
सबसे बड़ा सवाल अब यही है कि 2017 में दिखाए गए रोडस्टर के करीब नौ साल बाद क्या टेस्ला इस बार वास्तव में इसे सड़क पर उतार पाएगी? 1 अक्टूबर का अनावरण इस सवाल का सबसे बड़ा जवाब होगा।