हर महीने 20 हजार से ज्यादा कारों की बिक्री, Punch ने SUV बाजार में गाड़े झंडे
पेट्रोल, CNG और EV तीनों में धमाल, Tata Punch लेकर आई बिक्री की सुनामी
नई दिल्ली: टाटा मोटर्स की सबसे लोकप्रिय कॉम्पैक्ट SUV Tata punch ने भारतीय ऑटो बाजार में नया इतिहास रच दिया है। लॉन्चिंग के करीब 4 साल 9 महीने में ही पंच ने 8 लाख यूनिट बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही यह देश की सबसे तेज 8 लाख बिक्री हासिल करने वाली कॉम्पैक्ट SUV बन गई है।
अक्टूबर 2021 में लॉन्च हुई पंच ने इस साल बिक्री की रफ्तार और तेज कर दी। फरवरी 2026 में 7 लाख यूनिट का आंकड़ा पार करने के बाद अगले 1 लाख ग्राहक जोड़ने में सिर्फ पांच महीने लगे। फरवरी से जून 2026 के बीच पंच की बिक्री लगातार 18 हजार से ज्यादा यूनिट प्रति माह रही। जून 2026 में पंच ने अपना अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए 21,006 यूनिट की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की। वहीं वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में यह भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली SUV रही और तीन महीनों में इसकी 60,321 यूनिट बिकीं।
नई MY2026 Tata Punch को ग्राहकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। कंपनी ने इसमें नए 1.2 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन, CNG-AMT विकल्प और अपडेटेड Punch EV पेश की है। Punch EV को भी नए बैटरी विकल्पों के साथ उतारा गया है। इसमें 30 kWh बैटरी (365 km रेंज) और 40 kWh बैटरी (468 km रेंज) का विकल्प मिलता है। साथ ही BaaS (Battery as a Service) विकल्प से शुरुआती कीमत कम करने की कोशिश की गई है।
नई पंच में 360 डिग्री कैमरा, 10.25 इंच टचस्क्रीन, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, वायरलेस चार्जिंग, ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल और क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर्स दिए गए हैं। सुरक्षा के लिए इसमें छह एयरबैग, TPMS और हिल होल्ड कंट्रोल जैसे फीचर्स हैं। SUV को 5-स्टार Bharat NCAP सेफ्टी रेटिंग भी मिली है।
800,000 बिक्री तक पहुंचने में पंच ने कई बड़े नामों को पीछे छोड़ दिया। जहां Maruti Brezza को 80 महीने, Hyundai Venue को 85 महीने और Tata Nexon को 89 महीने लगे, वहीं पंच ने यह उपलब्धि करीब 57 महीनों में हासिल कर ली।
टाटा पंच अब भारतीय SUV बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बना चुकी है और कंपनी को उम्मीद है कि इसकी नई रफ्तार इसे जल्द ही 10 लाख बिक्री के क्लब तक पहुंचा सकती है।
