भारत में गन्ने, मक्का और चावल के दम से बना रेकॉर्ड ETHENOL

भारत में गन्ने, मक्का और चावल के दम से बना रेकॉर्ड ETHENOL

• पेट्रोल में 20% एथेनॉल मिलाने का लक्ष्य हासिल, रिकॉर्ड अनाज सप्लाई बनी ताकत

• पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने का आंकड़ा 19.99% पहुंचा

• एथेनॉल उत्पादन में मक्का सबसे आगे, चावल ने भी बढ़ाया भारत का दम

• पेट्रोल में जैव ईंधन का बढ़ा इस्तेमाल, एथेनॉल ब्लेंडिंग 19.99% पहुंची

एथेनॉल उत्पादन में अनाज की हिस्सेदारी 73.52%, अब कच्चे माल की उपलब्धता पर नजर

भारत ने पेट्रोल में 20 फीसदी एथेनॉल मिलाने के अपने लक्ष्य को लगभग हासिल कर लिया है। 2025-26 सप्लाई वर्ष में एथेनॉल उत्पादन के लिए मक्का और चावल की रिकॉर्ड उपलब्धता ने इस उपलब्धि में बड़ी भूमिका निभाई। देश में पेट्रोल के साथ एथेनॉल मिलाने की औसत दर 19.99 फीसदी पहुंच गई। इससे भारत अपने लंबे समय से तय 20 फीसदी लक्ष्य की दहलीज पर पहुंच गया है। हालांकि, अगले साल कमजोर मानसून और कम बारिश के कारण इस उपलब्धि को बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

अखिल भारतीय डिस्टिलर्स एसोसिएशन (AIDA) के आंकड़ों के मुताबिक, 31 अक्टूबर 2026 को समाप्त सप्लाई वर्ष में पेट्रोल के साथ कुल 1,134.36 करोड़ लीटर एथेनॉल मिलाया गया। पिछले सप्लाई वर्ष में एथेनॉल ब्लेंडिंग की औसत दर 19.24 फीसदी थी, जो इस बार बढ़कर 19.99 फीसदी हो गई।

इस बार एथेनॉल उत्पादन में अनाज की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा रही। कुल सप्लाई में 73.52 फीसदी योगदान अनाज आधारित स्रोतों का रहा। इससे करीब 800.53 करोड़ लीटर एथेनॉल मिला। वहीं चीनी आधारित स्रोतों की हिस्सेदारी 26.48 फीसदी यानी 288.38 करोड़ लीटर रही।

मक्का सबसे बड़ा स्रोत बनकर उभरा। इससे 489.71 करोड़ लीटर एथेनॉल तैयार किया गया, जो कुल सप्लाई का लगभग 46 फीसदी है। भारतीय खाद्य निगम (FCI) के अतिरिक्त चावल के भंडार से 233.95 करोड़ लीटर और खराब अनाज से 76.87 करोड़ लीटर एथेनॉल तैयार हुआ।

गन्ने और शीरे से एथेनॉल उत्पादन में भी योगदान जारी रहा। गन्ने के रस से 153.36 करोड़ लीटर, B-Heavy शीरे से 118.04 करोड़ लीटर और C-Heavy शीरे से 16.98 करोड़ लीटर एथेनॉल मिला। इससे साफ है कि भारत अब एथेनॉल उत्पादन के लिए केवल गन्ने पर निर्भर नहीं है। मक्का और चावल जैसे अनाज भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।

एथेनॉल कृषि उत्पादों से तैयार होने वाला अल्कोहल आधारित ईंधन है, जिसे पेट्रोल में मिलाया जाता है। इससे पेट्रोल की खपत का एक हिस्सा घरेलू स्तर पर तैयार जैव ईंधन से पूरा किया जा सकता है। इस तरह देश को पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता घटाने और ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने में मदद मिलती है।

20 फीसदी ब्लेंडिंग लक्ष्य के करीब पहुंचने के बावजूद अगले सप्लाई वर्ष में चुनौती बढ़ सकती है। इस बार एक दशक से अधिक समय में सबसे कमजोर मानसून की आशंका ने चिंता बढ़ाई है। मक्का और गन्ने जैसी फसलें कम बारिश से प्रभावित हो सकती हैं। यदि इनकी पैदावार घटती है तो एथेनॉल बनाने वाली फैक्ट्रियों को कच्चे माल की कमी हो सकती है।

एथेनॉल उद्योग का मानना है कि उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ स्थिर नीतियां, समय पर खरीद और निवेश जारी रखना जरूरी होगा, ताकि ब्लेंडिंग लक्ष्य को बनाए रखा जा सके।