• सामान्य डेवलपर्स से दोगुनी तक मिल सकती है सैलरी
• AI के दौर में बदल रहा नौकरी का बाजार, कंपनियां तेजी से बढ़ा रहीं टेक टीम
• जूनियर डेवलपर्स की भर्ती घटा रहीं कंपनियां, AI स्किल वाले उम्मीदवारों की मांग बढ़ी
AI से बदलेगा भर्ती का तरीका, स्थायी नौकरी के बजाय फ्लेक्सिबल वर्कर्स की मांग
• AI के दौर में नौकरी बचाने का नया मंत्र, अपस्किलिंग और नई तकनीक सीखना जरूरी
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तेजी से कंपनियों के काम करने का तरीका बदल रहा है। इसका असर अब नौकरियों, भर्ती और कर्मचारियों की सैलरी पर भी दिखने लगा है। भारत में 90% कंपनियां AI से जुड़े काम, सेवाओं और कमाई को बढ़ाने के लिए अपनी टेक्नोलॉजी टीम का विस्तार कर रही हैं। यह आंकड़ा अमेरिका के 93% के बाद दुनिया में दूसरे स्थान पर है, जबकि वैश्विक औसत 86% है।
Randstad की Tech Talent in Transition: Building the AI-Ready Workforce रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनियां अब AI की जरूरतों को पूरा करने के लिए भर्ती के पारंपरिक तरीके बदल रही हैं। बड़ी संख्या में कंपनियां स्थायी कर्मचारियों के बजाय कॉन्ट्रैक्ट और फ्लेक्सिबल वर्कर्स की मदद ले रही हैं। वहीं, AI स्किल वाले डेवलपर्स को सामान्य डेवलपर्स की तुलना में कहीं अधिक वेतन मिल रहा है।
भारत में सर्वे में शामिल 73% कंपनियां AI से जुड़ी जरूरी स्किल हासिल करने के लिए कॉन्ट्रैक्टर्स और फ्लेक्सिबल कर्मचारियों पर निर्भर हैं। वहीं, 26% कंपनियां स्थायी कर्मचारियों की भर्ती को प्राथमिकता देती हैं। इससे साफ है कि कंपनियां जरूरत के मुताबिक विशेषज्ञों को काम पर रखने के मॉडल की ओर बढ़ रही हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, 44% कंपनियां दो साल पहले के मुकाबले अब कम जूनियर डेवलपर्स की भर्ती कर रही हैं। AI टूल्स के बढ़ते इस्तेमाल और विशेषज्ञता की मांग के बीच कंपनियां अनुभवी कर्मचारियों को प्राथमिकता दे रही हैं। इससे नए उम्मीदवारों के लिए नौकरी पाने की चुनौती बढ़ सकती है।
AI से जुड़ी योग्यता रखने वाले डेवलपर्स को भारत में सामान्य डेवलपर्स की तुलना में दोगुने से अधिक शुरुआती वेतन मिल सकता है। रिपोर्ट में वैश्विक स्तर पर AI स्किल के लिए 79% तक वेतन प्रीमियम का भी उल्लेख किया गया है। कंपनियों के बीच प्रतिभाशाली कर्मचारियों को लेकर प्रतिस्पर्धा तेज हो रही है।
नई प्रतिभाओं को तलाशना महंगा और मुश्किल होने के कारण कंपनियां अपने मौजूदा कर्मचारियों को भी AI की ट्रेनिंग दे रही हैं। भारत में सर्वे में शामिल 98% कंपनियां कर्मचारियों को नई AI स्किल सिखाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों में निवेश कर रही हैं। एक तिहाई से अधिक कंपनियों का मानना है कि अपने कर्मचारियों को नई तकनीक सिखाना लंबे समय में बाहर से भर्ती करने की तुलना में अधिक टिकाऊ विकल्प है।
कंपनियों को ऐसे उम्मीदवार तलाशने में परेशानी हो रही है जो तकनीकी जानकारी के साथ अच्छी बातचीत और टीम के साथ काम करने की क्षमता रखते हों। 53% कंपनियों ने कहा कि मजबूत कम्युनिकेशन और स्टेकहोल्डर मैनेजमेंट स्किल वाले उम्मीदवार मिलना केवल कोडिंग जानने वालों की तुलना में अधिक मुश्किल है।
AI टूल्स का इस्तेमाल बढ़ने के साथ कंपनियों का खर्च भी बढ़ रहा है। सर्वे में 72% भारतीय कंपनियों ने कहा कि AI टूल्स चलाने की लागत जूनियर कर्मचारियों को रखने जितनी या उससे अधिक हो सकती है। इसके बावजूद कई कंपनियां AI से फायदा मिलने की बात मानती हैं, भले ही सॉफ्टवेयर लाइसेंस और कंप्यूटिंग क्षमता पर खर्च उम्मीद से अधिक हो।
