इंडिया में बनी नई MINI Countryman C लॉन्च, लग्जरी SUV सेगमेंट में मचाएगी धूम

इंडिया में बनी नई MINI Countryman C लॉन्च, लग्जरी SUV सेगमेंट में मचाएगी धूम

नई दिल्ली : BMW ग्रुप इंडिया ने भारत में नई MINI Countryman C को लॉन्च कर दिया है। अब यह SUV भारत में ही चेन्नई स्थित BMW ग्रुप के प्लांट में बनाई जाएगी। पहली बार नई पीढ़ी की MINI Countryman C को ‘मेड इन इंडिया’ का तमगा मिला है। कंपनी ने इसकी एक्स-शोरूम कीमत 47.50 लाख रुपये रखी है और इसकी बुकिंग देशभर के MINI डीलरशिप पर शुरू हो चुकी है। ग्राहकों को डिलीवरी भी तुरंत मिलनी शुरू हो जाएगी।

BMW ग्रुप इंडिया के अध्यक्ष और सीईओ Hardeep Singh Brar के अनुसार नई Countryman C पारंपरिक MINI डिजाइन को एक दमदार SUV अवतार में पेश करती है। यह उन ग्राहकों के लिए बनाई गई है जो रोजमर्रा की उपयोगिता, फैमिली कम्फर्ट और लग्जरी के साथ अलग पहचान भी चाहते हैं। नई Countryman C का डिजाइन पहले से कहीं ज्यादा बड़ा, मजबूत और आकर्षक है। सामने बड़ा ऑक्टागोनल ग्रिल, नए LED हेडलैंप, चौड़े व्हील आर्च और ऊंचा ग्राउंड क्लीयरेंस इसे सड़क पर शानदार मौजूदगी देते हैं। पांच आकर्षक रंगों, ब्रिटिश रेसिंग ग्रीन, स्मोकी ग्रीन, नानुक व्हाइट, चिली रेड और स्लेट ब्लू में उपलब्ध यह SUV पहली नजर में ही ध्यान खींचती है।

कार में एंट्री करते ही लग्जरी और तकनीक का अनोखा मेल दिखाई देता है। डैशबोर्ड के बीचों-बीच लगी 240 मिमी की गोल OLED टचस्क्रीन इसका सबसे बड़ा आकर्षण है। MINI का नया ऑपरेटिंग सिस्टम 9, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, डिजिटल की, हेड-अप डिस्प्ले और वॉयस कमांड जैसी सुविधाएं इसे भविष्य की कार जैसा अनुभव देती हैं। ड्राइवर के लिए मसाज फंक्शन वाली इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स सीट, Harman Kardon का 12-स्पीकर साउंड सिस्टम, पैनोरमिक ग्लास सनरूफ और इन-कैबिन कैमरा इसे और खास बनाते हैं। पीछे बैठने वालों के लिए भी भरपूर जगह दी गई है। 505 लीटर का बूट स्पेस जरूरत पड़ने पर सीटें मोड़कर 1450 लीटर तक बढ़ाया जा सकता है।

इसमें 1.5-लीटर MINI TwinPower Turbo पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 156 हॉर्सपावर और 240 एनएम टॉर्क पैदा करता है। इसके साथ 7-स्पीड ड्यूल-क्लच स्टेपट्रॉनिक स्पोर्ट ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है, जो स्मूद और स्पोर्टी ड्राइविंग अनुभव देता है। SUV को यूरो NCAP की 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। इसमें मल्टीपल एयरबैग, ABS, डायनामिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ब्रेक असिस्ट, 360 डिग्री कैमरा, पार्किंग असिस्टेंट प्लस और लेवल-1 ADAS फीचर्स जैसे आधुनिक सुरक्षा उपकरण दिए गए हैं। कंपनी ग्राहकों को आसान फाइनेंस सुविधा भी दे रही है। शून्य डाउन पेमेंट पर इसकी मासिक किस्त 56,990 रुपये से शुरू होगी। साथ ही तीन साल बाद 66 प्रतिशत तक सुनिश्चित बायबैक वैल्यू का भी लाभ मिलेगा।