1 जुलाई से महंगी होंगी Kia की सभी कारें

1 जुलाई से महंगी होंगी Kia की सभी कारें

अगर खरीदनी है Kia कार, तो 30 जून से पहले कर लें बुकिंग!

दक्षिण कोरिया की वाहन निर्माता Kia India ने घोषणा की है कि वह 1 जुलाई 2026 से अपने पूरे मॉडल पोर्टफोलियो की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही है। कंपनी ने कहा है कि विभिन्न मॉडलों और वेरिएंट्स की कीमतों में अधिकतम 2 प्रतिशत तक की वृद्धि की जाएगी। यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हो रही है जब देश की ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री लगातार बढ़ती उत्पादन लागत, कच्चे माल की महंगाई और वैश्विक आर्थिक दबावों का सामना कर रहा है। कंपनी का कहना है कि अब तक लागत बढ़ने का बड़ा हिस्सा कंपनी ने स्वयं वहन किया है, लेकिन अब लगातार बढ़ते खर्चों से कीमतों में संशोधन करना आवश्यक हो गया है।

KIA के मुताबिक पिछले कुछ समय से स्टील, एल्युमीनियम, प्लास्टिक कंपोनेंट्स, इलेक्ट्रॉनिक चिप्स और अन्य ऑटो पार्ट्स की लागत बढ़ी है। लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन और परिचालन खर्चों में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है।1 जुलाई से लागू होने वाली कीमत में बढ़ोतरी का असर KIA  की लगभग पूरी भारतीय लाइनअप पर देखने को मिलेगा। इनमें कंपनी की Kia Sonet,  Kia Seltos, Kia Syros, Kia Carens, Kia Carens Clavis, Kia Carnival, Kia EV6 Kia EV9 जैसी सबसे लोकप्रिय SUV और MPV शामिल हैं।

कीमतों में अधिकतम 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। वाहन की मौजूदा कीमत के अनुसार हजारों रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ सकते हैं। अगर किसी गाड़ी की कीमत 15 लाख रुपये है तो उसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये तक बढ़ सकती है। जो ग्राहक जून के अंत तक वाहन बुक या खरीद लेते हैं, वे संभावित मूल्य वृद्धि से बच सकते हैं।पिछले कुछ महीनों में भारतीय ऑटोमोबाइल सेक्टर कई चुनौतियों से गुजर रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी, विदेशी मुद्रा विनिमय दरों में अस्थिरता, परिवहन लागत और तकनीकी निवेश का दबाव वाहन निर्माताओं की लागत बढ़ा रहा है।

विशेष रूप से इलेक्ट्रिक वाहनों में इस्तेमाल होने वाली बैटरियों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की लागत में वृद्धि ने कंपनियों के खर्च को और बढ़ा दिया है। कई प्रमुख वाहन निर्माताओं ने भी अपने प्रॉडक्ट्स के दामों में बढ़ोतरी की है। मारुति सुजुकी ने तो जून 2026 से अपनी कई कारों की कीमतों में 30 हजार रुपये तक की वृद्धि लागू कर दी है।