Tata Tiago का बदला लुक और अंदाज, कीमत का ऐलान 28 मई को

नई दिल्ली: इंडिया की सबसे लोकप्रिय एंट्री-लेवल हैचबैक में से एक अब नए तेवर और नए अवतार के साथ लौट आई है। Tata Motors ने आखिरकार नई 2026 Tata Tiago और 2026 Tata Tiago EV से पर्दा उठा दिया है। कीमतों का ऐलान 28 मई को होगा, लेकिन उससे पहले ही नई टियागो ने अपने लुक और फीचर्स से बाजार का तापमान बढ़ा दिया है।

इस बार बदलाव सिर्फ मामूली नहीं हैं, बल्कि टियागो को लगभग नया चेहरा देने की कोशिश की गई है। सामने की तरफ नई हेडलाइट्स के साथ आई आइब्रो-शेप LED DRLs इसे ज्यादा शार्प और प्रीमियम लुक देती हैं। पेट्रोल मॉडल में बड़ा ब्लैक ग्रिल दिया गया है, जिसकी झलक प्रीमियम हैचबैक वाले अंदाज में दिखती है। वहीं Tiago EV में बॉडी-कलर्ड फ्रंट डिजाइन इसे अलग पहचान देता है।
साइड प्रोफाइल भले पहले जैसी रखी गई हो, लेकिन नए 15-इंच अलॉय व्हील्स इसकी मौजूदगी को और दमदार बनाते हैं। पीछे की तरफ तीन वर्टिकल लाइन वाले नए टेललैंप, बीच में ब्रांड बैज और बड़े TIAGO लेटरिंग इसे बिल्कुल फ्रेश पहचान देते हैं।

केबिन में भी बड़ा बदलाव हुआ है। नया डैशबोर्ड, स्टीयरिंग पर इल्यूमिनेटेड लोगो और बड़ा 10.25 इंच इंफोटेनमेंट सिस्टम इसे पहले से कहीं ज्यादा मॉडर्न बना देता है। उम्मीद है कि इसमें 6 एयरबैग, 360 डिग्री कैमरा, क्रूज कंट्रोल, TPMS, ऑटोमैटिक हेडलैंप और कूल्ड ग्लव बॉक्स जैसे फीचर्स भी मिल सकते हैं। पेट्रोल टियागो में वही भरोसेमंद 1.2 लीटर इंजन मिलेगा, जो 86hp की ताकत देता है। इसके साथ मैनुअल और AMT दोनों विकल्प बने रहेंगे। CNG वर्जन भी लाइनअप में रहेगा।

वहीं, Tiago EV दो बैटरी पैक विकल्पों के साथ जारी रह सकती है। मौजूदा सेटअप में 223 किमी और 293 किमी तक की रेंज मिलती है, लेकिन संभावना है कि कंपनी इसमें बड़ी बैटरी देकर रेंज बढ़ा सकती है। अब नजरें 28 मई पर हैं, जब नई टियागो और टियागो EV की कीमतें सामने आएंगी। अगर कीमतें संतुलित रहीं, तो एंट्री-लेवल हैचबैक बाजार में फिर से बड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।