नई दिल्ली: लक्जरी कार बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत करते हुए Mercedes-Benz ने इंडिया में अपनी लोकप्रिय SUV लाइनअप के नए Night Edition मॉडल लॉन्च कर दिए हैं। कंपनी ने Mercedes-Benz GLE Night Edition और Mercedes-Benz GLS Night Edition को पेश किया है, जिनकी कीमत 1.05 करोड़ रुपये से शुरू होकर 1.43 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। इन नई SUVs को ग्लोबल लिमिटेड-रन सीरीज के हिस्से के रूप में इंडिया लाया गया है और इनमें स्टाइल, लग्जरी और स्पोर्टी अपील का खास मिश्रण देखने को मिलता है।
नई Night Edition रेंज की सबसे बड़ी पहचान इसका ब्लैक्ड-आउट डिजाइन थीम है। कंपनी ने इन्हें Obsidian Black और नए Alpine Grey रंग विकल्प में उतारा है। Alpine Grey रंग केवल Night Edition मॉडल्स तक सीमित रहेगा और रेगुलर GLE या GLS में नहीं मिलेगा। इससे इन SUVs को एक्सक्लूसिव पहचान मिलती है। कंपनी ने लग्जरी का स्तर और ऊपर ले जाने की कोशिश की है। दोनों मॉडल्स में ब्लैक नप्पा लेदर अपहोल्स्ट्री, Anthracite ओपन-पोर ओक वुड ट्रिम और स्टैंडर्ड Head-Up Display दिया गया है। ये सभी फीचर्स Night Edition को रेगुलर मॉडल्स से अलग बनाते हैं।
GLE Night Edition में एक अतिरिक्त आकर्षण AIRMATIC सस्पेंशन है, जो बेहतर राइड कम्फर्ट और प्रीमियम ड्राइविंग अनुभव देने के लिए जोड़ा गया है। कंपनी का कहना है कि GLE भारत में वर्षों से मजबूत ग्राहक आधार बना चुकी है, जबकि GLS टॉप-एंड लग्जरी SUV सेगमेंट में उसकी सबसे ज्यादा बिकने वाली SUV बनी हुई है। GLE 300d Night Edition में 2.0-लीटर डीजल इंजन दिया गया है, जो 198 kW पावर और 550 Nm टॉर्क पैदा करता है। यह SUV 6.9 सेकंड में 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। वहीं GLE 450 Night Edition में 3.0-लीटर इनलाइन-6 पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 280 kW और 500 Nm आउटपुट देता है और यह सिर्फ 5.6 सेकंड में 100 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है।
GLS लाइनअप में GLS 450 Night Edition को भी यही 3.0-लीटर पेट्रोल इंजन मिला है, जबकि GLS 450d Night Edition में 3.0-लीटर डीजल मोटर दी गई है, जो 750 Nm का दमदार टॉर्क देती है। दोनों वेरिएंट 6.1 सेकंड में 100 किमी/घंटा की स्पीड हासिल कर सकते हैं। GLE 300d Night Edition की कीमत 1.05 करोड़ रुपये, GLE 450 Night Edition की 1.14 करोड़ रुपये, GLS 450 Night Edition की 1.41 करोड़ रुपये और GLS 450d Night Edition की कीमत 1.43 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है
