2027 में Audi Q9 की शाही सवारी आएगी INDIA

2027 में Audi Q9 की शाही सवारी आएगी INDIA

नई दिल्ली। जर्मन लग्जरी कार निर्माता Audi ने अपनी अब तक की सबसे बड़ी और सबसे प्रीमियम SUV Audi Q9 को दुनिया के सामने पेश कर दिया है। यह Audi की पहली ऐसी SUV है जिसके नाम में ‘9’ बैज का इस्तेमाल किया गया है। कंपनी ने इसे अपनी नई फ्लैगशिप SUV के तौर पर उतारा है, जो मौजूदा Q7 से ऊपर पोजिशन की जाएगी। भारत में Audi Q9 की लॉन्चिंग 2027 की दूसरी तिमाही में होने की उम्मीद है। इसे देश में ही असेंबल किया जाएगा। भारत में इसका मुकाबला BMW X7 और Mercedes-Benz GLS जैसी लग्जरी SUV से होगा।

Audi Q9 को ग्लोबल बाजार में करीब 1,08,400 यूरो (लगभग ₹1.18 करोड़, टैक्स से पहले) की शुरुआती कीमत के साथ पेश किया गया है। इसकी अंतरराष्ट्रीय डिलीवरी नवंबर 2026 से शुरू होगी। डिजाइन के मामले में Q9 बेहद आकर्षक और दमदार नजर आती है। इसमें कंपनी की नई डिजाइन लैंग्वेज देखने को मिलती है, जिसमें बड़ी फ्रंट ग्रिल, स्कल्प्टेड बोनट, LED लाइटिंग और नए अलॉय व्हील शामिल हैं। इसमें Digital Matrix LED हेडलाइट्स दी गई हैं, जो सड़क पर चेतावनी संकेत और दिशा संकेत तक प्रोजेक्ट कर सकती हैं।

Audi Q9 का आकार भी काफी बड़ा है। इसकी लंबाई 5,309 mm, चौड़ाई 2,010 mm और व्हीलबेस 3,138 mm है। यह SUV 7-सीटर के रूप में स्टैंडर्ड आएगी, जबकि ग्राहकों को 6-सीटर विकल्प भी मिलेगा, जिसमें दूसरी रो में कैप्टन सीट्स दी जाएंगी। केबिन में लग्जरी के साथ हाईटेक फीचर्स का मेल देखने को मिलेगा। इसमें तीन स्क्रीन वाला डैशबोर्ड सेटअप, 12.3 इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 14.5 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और पैसेंजर डिस्प्ले दिया गया है।
Audi Q9 में बड़ा पैनोरमिक सनरूफ, 22-स्पीकर Bang & Olufsen 4D ऑडियो सिस्टम, वायरलेस चार्जिंग और सभी सीटों के लिए USB Type-C पोर्ट मिलेंगे। सुरक्षा के लिए इसमें Level-2 ADAS, 360 डिग्री कैमरा, ऑटोमैटिक पार्किंग असिस्ट और कई एडवांस सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं।

पावर के लिए Audi Q9 में बाजार के अनुसार अलग-अलग इंजन विकल्प मिलेंगे। इसमें 3.0 लीटर V6 डीजल इंजन 299 hp पावर और 630 Nm टॉर्क के साथ आएगा, जबकि कुछ बाजारों में 2.9 लीटर ट्विन-टर्बो V6 पेट्रोल इंजन भी मिलेगा। इसके स्पोर्टी SQ9 मॉडल में 4.0 लीटर ट्विन-टर्बो V8 इंजन दिया जाएगा, जो 591 hp पावर और 800 Nm टॉर्क पैदा करेगा। भारत के तेजी से बढ़ते लग्जरी SUV बाजार को देखते हुए Audi Q9 कंपनी के लिए बड़ा दांव साबित हो सकती है। दमदार इंजन, शानदार डिजाइन और एडवांस टेक्नोलॉजी के साथ यह SUV प्रीमियम ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए तैयार है।