अब बाइक नहीं, ‘जंगल का राजा’ लेकर आई Kawasaki! भारत में 5 दमदार UTVलॉन्च

अब बाइक नहीं, ‘जंगल का राजा’ लेकर आई Kawasaki! भारत में 5 दमदार UTVलॉन्च

रेगिस्तान से जंगल तक, हर रास्ते का नया बादशाह

एडवेंचर प्रेमियों के लिए 5 नए ऑफ-रोड गाड़ियां, कीमत 38 लाख रुपये से शुरू
कीचड़, पत्थर और पहाड़-कहीं नहीं रुकेगी यह गाड़ी

अगर आपको लगता है कि Kawasaki सिर्फ स्पोर्ट्स बाइक बनाती है, तो अब यह सोच बदलने वाली है। कंपनी ने भारत में पहली बार अपने पांच नए UTV (यूटिलिटी टेरेन व्हीकल) लॉन्च किए हैं। ये ऐसे खास वाहन हैं, जो सड़क से ज्यादा जंगल, पहाड़, रेतीले इलाके और कठिन रास्तों पर दौड़ने के लिए बनाए जाते हैं। इनकी कीमत 38 लाख रुपये से शुरू होकर 78.90 लाख रुपये तक जाती है। ये आम कार नहीं, बल्कि एडवेंचर और प्रोफेशनल कामों के लिए तैयार की गई हाई-परफॉर्मेंस मशीनें हैं। Kawasaki ने भारत में पांच नई ऑफ-रोड गाड़ियां लॉन्च की हैं, जो जंगल, पहाड़, रेतीले इलाकों और ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर चलने के लिए बनाई गई हैं।

Teryx 4 H2। में Kawasaki की मशहूर H2 बाइक वाली तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। 998cc का सुपरचार्ज्ड इंजन 246.5 हॉर्सपावर पैदा करता है, जो इसे भारत के सबसे ताकतवर ऑफ-रोड वाहनों में शामिल करता है। चार लोगों के बैठने की क्षमता वाला यह UTV रेगिस्तान, पहाड़ और एडवेंचर ट्रैक्स पर जबरदस्त प्रदर्शन के लिए तैयार किया गया है। इसकी कीमत 78.90 लाख रुपये रखी गई है। Teryx KRX4 1000 में चार लोगों के बैठने की जगह है। इसमें 999cc का इंजन मिलता है जो 108 हॉर्सपावर की ताकत देता है। इसकी कीमत 52.90 लाख रुपये है।

अगर दो सीटों वाला ज्यादा स्पोर्टी विकल्प चाहिए तो Teryx KRX 1000 मौजूद है। इसमें भी वही 999cc इंजन मिलता है, लेकिन कम वजन होने की वजह से यह ज्यादा फुर्तीला महसूस होता है। इसकी कीमत 43.40 लाख रुपये है।

Kawasaki ने Ridge Crew नाम का एक ऐसा मॉडल भी पेश किया है जो काम और एडवेंचर दोनों के लिए बनाया गया है। इसमें कई यात्रियों के बैठने की सुविधा के साथ सामान ढोने की क्षमता भी है। इसकी कीमत 47.86 लाख रुपये है। Mule Pro-FXT 1000 LE की कीमत 38 लाख रुपये है। यह मुख्य रूप से फार्महाउस, रिसॉर्ट, बड़े खेतों और औद्योगिक परिसरों में लोगों और सामान को ले जाने के लिए बनाया गया है।

कुल मिलाकर Kawasaki ने साफ संकेत दे दिया है कि वह अब सिर्फ बाइक कंपनी नहीं रहना चाहती। कंपनी एडवेंचर, ऑफ-रोडिंग और यूटिलिटी व्हीकल बाजार में भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में है। इन वाहनों की कीमत काफी ऊंची है, लेकिन ऑफ-रोडिंग के शौकीनों और बड़े व्यावसायिक ग्राहकों के लिए यह एक नया और आकर्षक विकल्प साबित हो सकते हैं।