नई दिल्ली। Mercedes-Benz India 23 जुलाई को अपनी नई Mercedes-AMG E 53 HYBRID 4MATIC+ को इंडियन मार्केट में लॉन्च करेगी। यह लग्जरी परफॉर्मेंस सेडान प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) तकनीक के साथ आएगी, जिसमें 3.0-लीटर 6-सिलिंडर टर्बो-पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर का संयोजन मिलेगा। कंपनी का दावा है कि यह कार एक बार चार्ज होने पर केवल बिजली से 100 किलोमीटर से ज्यादा चल सकती है। वहीं, जरूरत पड़ने पर यह सुपरकार जैसी तेज रफ्तार और शानदार प्रदर्शन भी देती है।
नई Mercedes-AMG E 53 में 3.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल स्ट्रेट-6 इंजन लगाया गया है, जो 449 हॉर्सपावर की ताकत पैदा करता है। इसके साथ 163 हॉर्सपावर की इलेक्ट्रिक मोटर जुड़ी है, जिससे कार की कुल पावर 585 हॉर्सपावर और 750 Nm टॉर्क तक पहुंच जाती है। अगर ग्राहक वैकल्पिक AMG Dynamic Plus पैकेज चुनते हैं, तो Race Start मोड में इसकी पावर बढ़कर 612 हॉर्सपावर हो जाती है। इतनी ताकत के दम पर यह कार महज 3.8 सेकेंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है और इसकी अधिकतम रफ्तार 280 किमी प्रति घंटा है।
इस हाई-परफॉर्मेंस सेडान में 21.2 kWh क्षमता की बैटरी दी गई है, जो एक बार चार्ज होने पर 100 किलोमीटर से ज्यादा की इलेक्ट्रिक ड्राइविंग रेंज उपलब्ध कराती है। कार केवल इलेक्ट्रिक मोड में भी 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। इसमें 11 kW AC चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध 60 kW DC फास्ट चार्जर से इसकी बैटरी को 10 से 80 प्रतिशत तक करीब 20 मिनट में चार्ज किया जा सकता है। ड्राइविंग अनुभव को बेहतर बनाने के लिए Mercedes-AMG ने इसमें 4MATIC+ ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम, एडाप्टिव सस्पेंशन, चौड़ा फ्रंट ट्रैक और खास AMG ट्यूनिंग वाला चेसिस दिया है। इसके अलावा हाइब्रिड सिस्टम के अनुरूप ब्रेकिंग सिस्टम को भी बेहतर बनाया गया है, जिससे ऊर्जा रिकवरी के साथ बेहतर नियंत्रण मिलता है।
नई E 53 का डिजाइन भी इसे सामान्य E-Class से अलग पहचान देता है। इसमें इल्यूमिनेटेड AMG ग्रिल, बड़े एयर इंटेक, चौड़े व्हील आर्च, डकटेल स्पॉइलर, रियर डिफ्यूजर और चार गोल एग्जॉस्ट दिए गए हैं। वहीं, AMG Dynamic Plus पैकेज में लाल रंग के ब्रेक कैलिपर्स और माइक्रोफाइबर से लिपटा स्पोर्ट्स स्टीयरिंग व्हील जैसे अतिरिक्त स्पोर्टी एलिमेंट भी मिलते हैं। कार के इंटीरियर में AMG स्पोर्ट्स सीट्स, AMG स्टीयरिंग व्हील, 12.3-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 14.4-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसमें फ्रंट पैसेंजर के लिए अलग डिस्प्ले वाला MBUX Superscreen भी विकल्प के तौर पर उपलब्ध है।
