फेस्टिव सीजन से पहले रिकॉर्ड तेजी
जुलाई में 33.71 लाख वाहनों का डिस्पैच; 4.58 लाख पैसेंजर व्हीकल डीलरों तक पहुंचे
नई दिल्ली: फेस्टिव सीजन शुरू होने से पहले ही देश के ऑटो बाजार ने रफ्तार पकड़ ली है। जुलाई में कार, बाइक, स्कूटर और थ्री-व्हीलर की मांग ने ऐसा जोर पकड़ा कि ऑटो इंडस्ट्री ने अब तक का सबसे शानदार जुलाई दर्ज किया। पैसेंजर व्हीकल की कंपनियों की डीलर डिस्पैच 34.3% बढ़कर रिकॉर्ड 4.58 लाख यूनिट पहुंच गई। वहीं टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर की बिक्री में भी 20% से ज्यादा की जोरदार बढ़ोतरी हुई। उद्योग के इस प्रदर्शन को आने वाले त्योहारी सीजन में मजबूत ग्राहक मांग का संकेत माना जा रहा है।
सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई 2026 में पैसेंजर व्हीकल की 4,57,810 यूनिट डीलरों तक पहुंचीं। पिछले साल जुलाई में यह आंकड़ा 3,40,772 यूनिट था। यानी एक साल में करीब 1.17 लाख ज्यादा कारें डीलरों तक पहुंचीं।
टू-व्हीलर बाजार भी तेज दौड़ा
ऑटो बाजार की तेजी सिर्फ कारों तक सीमित नहीं रही। जुलाई में टू-व्हीलर की बिक्री 22.6% बढ़कर 19,23,483 यूनिट हो गई। मोटरसाइकिल की बिक्री 20.7% बढ़कर 10,74,796 यूनिट और स्कूटर की बिक्री 23.7% बढ़कर 7,98,190 यूनिट रही। सबसे ज्यादा तेजी मोपेड में रही, जिसकी बिक्री 48.6% बढ़कर 50,497 यूनिट हो गई।
थ्री-व्हीलर की भी रिकॉर्ड रफ्तार
थ्री-व्हीलर सेगमेंट में भी जोरदार मांग देखने को मिली। जुलाई में इसकी बिक्री 33.4% बढ़कर 92,560 यूनिट पहुंच गई। पैसेंजर कैरियर की बिक्री 32.9% और गुड्स कैरियर की बिक्री 40.3% बढ़ी। ई-रिक्शा की बिक्री में 7.5% और ई-कार्ट में 16.2% की वृद्धि दर्ज हुई।
कुल डिस्पैच 33.71 लाख यूनिट
सभी प्रमुख सेगमेंट को मिलाकर जुलाई में ऑटो कंपनियों ने 33,70,958 वाहन डीलरों को भेजे। घरेलू बाजार में पैसेंजर व्हीकल, टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर समेत इन सेगमेंट की कुल बिक्री 25% बढ़कर 24,73,857 यूनिट हो गई।
SIAM के डायरेक्टर जनरल राजेश मेनन के मुताबिक, पिछले कई महीनों से बनी सकारात्मक मांग जुलाई में भी जारी रही है। अब उद्योग की नजर त्योहारी सीजन पर है और कंपनियों को उम्मीद है कि मजबूत ग्राहक धारणा के दम पर आने वाले महीनों में बिक्री और बेहतर रह सकती है।
