डबल कैब, बड़ा लोडिंग बेड और 4×4; Scorpio N Pickup में मिलेगा पूरा दम
नई दिल्ली। Mahindra अपनी बहुप्रतीक्षित Scorpio N आधारित पिकअप ट्रक को 14 अगस्त यानी कल पेश करने जा रही है। कंपनी इसे स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित होने वाले खास कार्यक्रम में पहली बार दिखाएगी। यह पिकअप डबल-कैब डिजाइन, लंबा लोडिंग बेड और Scorpio N जैसे दमदार इंजन के साथ आ सकती है। इसकी अनुमानित कीमत ₹16 लाख से ₹26 लाख (एक्स-शोरूम) के बीच हो सकती है।
नई पिकअप को आने वाले महीनों में भारतीय बाजार में उतारे जाने की उम्मीद है। इसका मुकाबला मुख्य रूप से Toyota Hilux और Isuzu V-Cross जैसी लाइफस्टाइल पिकअप से होगा।
नई पिकअप का बेस और लैडर-फ्रेम प्लेटफॉर्म Scorpio N से लिया जाएगा, लेकिन इसका लुक अलग होगा। टीजर से संकेत मिलते हैं कि आगे L-शेप LED DRLs, नए LED हेडलैंप और हनीकॉम्ब पैटर्न वाली ग्रिल देखने को मिल सकती है। पीछे की तरफ पतली C-शेप LED टेललाइट और बड़े अक्षरों में Mahindra लिखा हुआ टेलगेट मिल सकता है।
सबसे बड़ा बदलाव इसका डबल-कैब सेटअप और पीछे लंबा लोडिंग बेड होगा। इसमें परिवार के बैठने के लिए पर्याप्त केबिन के साथ सामान रखने के लिए अलग खुला हिस्सा मिलेगा।
लोडिंग बेड के लिए पिकअप का व्हीलबेस Scorpio N के 2,750 mm से ज्यादा हो सकता है। इसे सिर्फ सामान ढोने वाली गाड़ी के तौर पर नहीं, बल्कि लाइफस्टाइल पिकअप के रूप में पेश किया जाएगा। इसे रोजमर्रा की ड्राइविंग, लंबी यात्रा, आउटडोर ट्रिप और जरूरत पड़ने पर सामान ढोने, सभी कामों के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा।
केबिन में भी इसे आधुनिक बनाने की तैयारी है। इसमें बड़ा पोर्ट्रेट स्टाइल टचस्क्रीन, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और मोटा तीन-स्पोक स्टीयरिंग व्हील मिल सकता है।
डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल के लिए रोटरी नॉब दिए जा सकते हैं। खराब रास्तों पर गाड़ी चलाते समय बड़े और आसान कंट्रोल ड्राइवर के लिए काफी काम के साबित हो सकते हैं।
Mahindra पहले Global Pik Up कॉन्सेप्ट में Level-2 ADAS, सेमी-ऑटोमैटिक पार्किंग, 5G कनेक्टेड तकनीक और सनरूफ जैसी सुविधाओं का संकेत दे चुकी है। हालांकि, प्रोडक्शन मॉडल में इनमें से कौन-कौन से फीचर मिलेंगे, इसकी पुष्टि कल होगी।
