DUSTER का नया अवतार : पिकअप ट्रक बनकर आएगा Renault Niagara

नई दिल्ली: Renault ने अपनी आने वाली डस्टर-बेस्ड पिकअप ट्रक के नाम से पर्दा उठा दिया है। कंपनी ने पुष्टि की है कि इस नए लाइफस्टाइल पिकअप को Renault Niagara नाम दिया जाएगा। इसका ग्लोबल डेब्यू 10 सितंबर 2026 को होगा। शुरुआत में इसे मुख्य रूप से लेटिन अमेरिकी बाजारों को ध्यान में रखकर उतारा जाएगा। इसकी मैन्युफैक्चरिंग अर्जेंटीना में होने की तैयारी है।

यह मॉडल दरअसल 2023 में पेश किए गए Renault Niagara Concept का प्रोडक्शन वर्जन होगा। टेस्टिंग के दौरान इसे कई बार सड़कों पर देखा जा चुका है। अब कंपनी के नए टीजर ने साफ कर दिया है कि प्रोडक्शन मॉडल भी Niagara नाम के साथ ही आएगा। नई Renault Niagara को लेटेस्ट जनरेशन Renault Duster के प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जाएगा। इसमें पारंपरिक लैडर-फ्रेम चेसिस नहीं मिलेगा, बल्कि यह मोनोकोक प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी। इसे हैवी-ड्यूटी वर्क ट्रक की जगह ज्यादा आरामदायक और प्रैक्टिकल लाइफस्टाइल पिकअप के रूप में पेश किया जाएगा।

टीजर इमेज में इसके रियर सेक्शन की झलक दिखाई गई है, जहां टेलगेट पर बड़े “NIAGARA” लेटरिंग के साथ Renault बैजिंग नजर आती है। इसके साथ मजबूत कार्गो बेड, पारंपरिक ड्रॉप-डाउन टेलगेट और प्रैक्टिकल डिजाइन देखने को मिलता है। कार्गो बेड में प्रोटेक्टिव लाइनर्स और व्हील आर्च इंट्रूजन जैसे फीचर भी दिए जा सकते हैं। डिजाइन और इंटीरियर के मामले में यह काफी हद तक Renault Boreal से प्रेरित हो सकती है, जो डस्टर का 7-सीटर ग्लोबल वर्जन माना जाता है। हालांकि Niagara लंबी बॉडी और बड़े व्हीलबेस के साथ आ सकती है ताकि कार्गो क्षमता बेहतर हो सके।

फीचर्स में प्रीमियम टेक्नोलॉजी पैकेज मिलने की उम्मीद है, जिसमें Level-2 ADAS, 360-डिग्री कैमरा, हैंड्स-फ्री पार्किंग, पावर्ड और मसाजिंग फ्रंट सीट्स, पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस चार्जिंग, 10.1-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट और 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर शामिल हो सकते हैं। इंजन विकल्पों में 1.3-लीटर टर्बो पेट्रोल यूनिट मिलने की संभावना है, जो करीब 163 bhp पावर दे सकती है। इसके अलावा करीब 160 bhp आउटपुट वाला 1.8-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन भी लाइनअप में शामिल हो सकता है। कंपनी इसके साथ एडवांस AWD सिस्टम भी दे सकती है।