Tata Motors की तेज़ रफ्तार, पहली तिमाही में 1.08 लाख कमर्शियल वाहनों की बिक्री, 27% की बंपर ग्रोथ

Tata Motors की तेज़ रफ्तार, पहली तिमाही में 1.08 लाख कमर्शियल वाहनों की बिक्री, 27% की बंपर ग्रोथ

जून में Tata Motors का डबल धमाका, घरेलू और विदेशी बाजारों में शानदार बिक्री

Tata Motors की ताबड़तोड़ शुरुआत, HCV से EV तक हर सेगमेंट में जबरदस्त उछाल

भारतीय कमर्शल वाहन बाजार में Tata Motors ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही की शानदार शुरुआत की है। कंपनी ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मिलाकर 1,08,488 कमर्शियल वाहनों की बिक्री दर्ज की, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में बेची गई 85,606 यूनिट्स की तुलना में 27 प्रतिशत अधिक है। लगातार तीन महीनों तक दोहरे अंकों की वृद्धि दर्ज कर Tata Motors ने यह साबित कर दिया कि भारतीय कमर्शियल वाहन बाजार में उसकी पकड़ पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो रही है।

जून 2026 में Tata Motors ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मिलाकर 40,805 यूनिट्स की बिक्री की, जबकि जून 2025 में यह आंकड़ा 30,238 यूनिट्स था। कंपनी ने एक महीने में ही 35 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की। घरेलू बाजार में कुल कमर्शियल वाहन बिक्री 36,599 यूनिट्स रही, जो पिछले साल के मुकाबले 31 प्रतिशत अधिक है। वहीं अंतरराष्ट्रीय कारोबार ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 4,206 यूनिट्स की बिक्री की, जो सालाना आधार पर 83 प्रतिशत की शानदार छलांग है।

तिमाही के दौरान कंपनी के लगभग सभी वाहन सेगमेंट में मजबूत प्रदर्शन देखने को मिला। हेवी कमर्शियल ट्रक (HCV) की बिक्री 22 प्रतिशत बढ़कर 26,491 यूनिट्स पहुंच गई। इंटरमीडिएट और लाइट कमर्शियल ट्रक (ILMCV) सेगमेंट में 17 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 16,971 यूनिट्स की बिक्री हुई। पैसेंजर कैरियर सेगमेंट में 23 प्रतिशत बढ़त के साथ 18,540 यूनिट्स बिकीं, जबकि स्मॉल कमर्शियल व्हीकल (SCV) कार्गो और पिकअप सेगमेंट ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए 36 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 38,346 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की। इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों के क्षेत्र में भी Tata Motors ने बड़ी छलांग लगाई। कंपनी ने बताया कि Q1FY27 के दौरान उसके इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहन (EV) की बिक्री में 4.4 गुना (4.4X) की सालाना वृद्धि दर्ज की गई। मई और जून के दौरान इलेक्ट्रिक SCV और पिकअप वाहनों की हिस्सेदारी करीब 10 प्रतिशत तक पहुंच गई, जो इस सेगमेंट में कंपनी की बढ़ती सफलता को दर्शाता है।

कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ Girish Wagh ने कहा कि ग्लोबल भू-राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद कंपनी ने FY27 की शुरुआत मजबूत प्रदर्शन के साथ की है। उन्होंने बताया कि इंफ्रास्ट्रक्चर, माइनिंग, ई-कॉमर्स, FMCG, ऑटो लॉजिस्टिक्स और सरकारी ऑर्डर जैसे क्षेत्रों से लगातार मजबूत मांग मिल रही है। इलेक्ट्रिक हेवी ट्रकों को भी ग्राहकों की ओर से बेहतर प्रतिक्रिया मिल रही है और कंपनी का ऑर्डर बुक लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने बताया कि Tata Motors ने इंडोनेशिया के लिए वाहनों की सप्लाई शुरू कर दी है, जबकि दो महीने के अंतराल के बाद मध्य-पूर्व के देशों में भी निर्यात धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है।