अब सड़कों पर दौड़ेंगे ज्यादा Electric Truck, Palwal प्लांट में सालाना बनेंगे 24 हजार EV
EV क्रांति को मिला नया पहिया : Turbo EV 1000 और Storm EV का बढ़ेगा दम
नई दिल्ली, 20 अगस्त। इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल बनाने वाली कंपनी Euler Motors ने हरियाणा के पलवल में अपनी नई फोर-व्हीलर (4W) मैन्युफैक्चरिंग लाइन शुरू कर दी है। कंपनी ने इस विस्तार पर करीब 100 करोड़ रुपये का निवेश किया है। 40 एकड़ में फैली इस सुविधा में पूरी क्षमता पर हर साल 24 हजार तक इलेक्ट्रिक वाहन बनाए जा सकेंगे। इस प्लांट में कंपनी के दो प्रमुख इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहन, Turbo EV 1000 और Storm EV तैयार किए जाएंगे। प्लांट का उद्घाटन Hero MotoCorp के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन डॉ. पवन मुंजाल ने किया।
Euler Motors के मुताबिक, उसके Turbo EV 1000 के बाजार में आने के बाद एक टन वाले 4W इलेक्ट्रिक कार्गो वाहन सेगमेंट में EV की हिस्सेदारी करीब 1% से बढ़कर 5.8% हो गई है। कंपनी का दावा है कि इस सेगमेंट में उसकी बाजार हिस्सेदारी करीब 28% है।
Turbo EV 1000 को कंपनी एक टन क्षमता वाला इलेक्ट्रिक ट्रक बताती है। वहीं Storm EV भारत का पहला कमर्शियल वाहन है, जिसमें ADAS यानी एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम दिया गया है। इसमें टक्कर की चेतावनी और नाइट विजन जैसी सुरक्षा तकनीक मिलती है।
कंपनी के संस्थापक और CEO सौरव कुमार ने बताया कि पिछले साल अप्रैल में Euler करीब 40 फोर-व्हीलर वाहन प्रति माह बेच रही थी। इस साल जून में यह आंकड़ा बढ़कर करीब 800 वाहन प्रति माह हो गया। बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए नई मैन्युफैक्चरिंग लाइन शुरू की गई है।
नई फैक्ट्री में ऑटोमेटेड असेंबली कन्वेयर लाइन, बॉडी शॉप और बैटरी पैक असेंबली लाइन बनाई गई है। कंपनी के मुताबिक, यहां वाहनों की गुणवत्ता जांच उत्पादन के हर चरण में होगी।
बैटरी पैक को गर्मी, पानी, कंपन, झटके और दूसरे वास्तविक परिस्थितियों वाले परीक्षणों से गुजारा जाएगा। सस्पेंशन, ड्राइवट्रेन और स्टीयरिंग जैसे अहम हिस्सों की भी जांच की जाएगी।
Euler का कहना है कि दोनों वाहन भारत की सड़कों और जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन और तैयार किए गए हैं। नई फैक्ट्री से उत्पादन बढ़ने के साथ हरियाणा में कुशल रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। कंपनी का लक्ष्य कमर्शियल वाहनों में पेट्रोल-डीजल, ICE, से इलेक्ट्रिक तकनीक की ओर बदलाव को तेज करना है।
