• 16 इंच के बड़े पहिये और 7.5kW की मोटर. 5.5 घंटे में फुल चार्ज होगा Yamaha Xenter E
• बिना चाबी स्टार्ट होगा नया स्कूटर, नेविगेशन समेत मिलेंगे कई फीचर्स
33.3Nm टॉर्क के साथ आया Yamaha Xenter E, रीजेनरेटिव ब्रेकिंग और ABS का सुरक्षा कवच
जापानी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी यामाहा ने इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में अपनी नई पेशकश Yamaha Xenter E से पर्दा उठा दिया है। आकर्षक डिजाइन, दमदार इलेक्ट्रिक मोटर और आधुनिक तकनीक से लैस यह स्कूटर 125cc पेट्रोल स्कूटर के बराबर श्रेणी में पेश किया गया है। कंपनी ने इसे खासतौर पर शहरी सफर और रोजाना इस्तेमाल को ध्यान में रखकर तैयार किया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत एक बार फुल चार्ज होने पर 108 किलोमीटर तक की रेंज और 16 इंच के बड़े पहिये हैं। इसके अलावा स्कूटर में ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल, कीलेस इग्निशन और TFT डिस्प्ले जैसे प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं।
Yamaha Xenter E का लुक काफी आकर्षक और आधुनिक है। इसके फ्रंट में आयातकार हेडलैंप दिया गया है। स्कूटर का अगला हिस्सा पतला और सीधा रखा गया है, जबकि पारंपरिक स्कूटर की तरह फ्लोरबोर्ड भी मिलता है। इसमें स्टेप्ड सीट दी गई है, जो आरामदायक सफर के साथ इसके प्रीमियम लुक को भी बढ़ाती है। एल्युमीनियम स्विंगआर्म इसकी एक और खासियत है। स्कूटर में 16 इंच के बड़े पहिये दिए गए हैं।
पावर और परफॉर्मेंस के मामले में भी यह इलेक्ट्रिक स्कूटर काफी दमदार नजर आता है। इसमें 3-फेज एक्साइटेशन इलेक्ट्रिक मोटर लगाई गई है, जो 7.5kW की अधिकतम पावर और 33.3Nm का पीक टॉर्क पैदा करती है। मोटर को चेसिस पर लगाया गया है और इसमें पावर ट्रांसमिशन के लिए बेल्ट ड्राइव का इस्तेमाल किया गया है। स्कूटर में 70.2Ah की फिक्स्ड बैटरी दी गई है। यह एक बार फुल चार्ज होने पर 108 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकता है। बैटरी को 0 से 100 प्रतिशत चार्ज होने में करीब 5.5 घंटे लगते हैं। इसमें रीजेनरेटिव ब्रेकिंग तकनीक भी दी गई है, जो ब्रेक लगाने के दौरान ऊर्जा का कुछ हिस्सा वापस बैटरी में पहुंचाने में मदद करती है।
Yamaha Xenter E में 5 इंच का TFT डिस्प्ले दिया गया है। इसमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के जरिए टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन की सुविधा मिलती है। स्कूटर में ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम भी दिया गया है, जिससे राइडिंग के दौरान सुरक्षा और संतुलन बेहतर बनाने में मदद मिलती है। इसके अलावा कीलेस इग्निशन, टाइप-C चार्जिंग पोर्ट और ऑनबोर्ड चार्जिंग जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं। राइडर अपनी जरूरत के हिसाब से तीन अलग-अलग राइडिंग मोड का इस्तेमाल कर सकता है।
स्कूटर का वजन 121 किलोग्राम है, जबकि इसकी सीट की ऊंचाई 790mm और ग्राउंड क्लीयरेंस 145mm रखा गया है। दोनों पहियों में 245mm के डिस्क ब्रेक दिए गए हैं।
