बैटरी वाला सैटेलाइट इंटरनेट डिवाइस, 4G-5G नेटवर्क नहीं तो क्या ! सैटेलाइट से जुड़ेगा Starlink Mini 2
• बैटरी निकालें और दूसरी लगाएं, 71Wh बैटरी और Wi-Fi 6
सिर्फ 1.6 किलो वजन, 167 वर्ग मीटर तक Wi-Fi कवरेज, पहाड़ों, जंगलों और दूरदराज के इलाकों में भी 60 सेकंड में कनेक्शन और 4.5 घंटे बैटरी बैकअप, Starlink Mini 2 तैयार
इंटरनेट की दुनिया में बड़ा बदलाव लाने की तैयारी है। एलन मस्क की कंपनी Starlink का Mini 2 पोर्टेबल सैटेलाइट इंटरनेट डिवाइस उन लोगों के लिए खास हो सकता है, जिन्हें सफर, पहाड़ों, जंगलों और दूरदराज के इलाकों में भी हाई-स्पीड इंटरनेट की जरूरत होती है। इसकी सबसे बड़ी खासियत 71Wh की रिमूवेबल बैटरी है, जो एक बार चार्ज होने पर 4.5 घंटे तक इंटरनेट कनेक्टिविटी दे सकती है। जरूरत पड़ने पर बैटरी बदलकर इसका इस्तेमाल आगे भी जारी रखा जा सकता है। इसमें Wi-Fi 6 सपोर्ट, IP67 रेटिंग और 167 वर्ग मीटर तक वाई-फाई कवरेज मिलता है। बैटरी और किकस्टैंड के साथ इसका वजन करीब 1.6 किलोग्राम है।Starlink Mini 2 को खासतौर पर पोर्टेबल इंटरनेट इस्तेमाल करने वालों के लिए तैयार किया गया है। पारंपरिक इंटरनेट कनेक्शन की तरह इसमें हर समय बिजली या किसी स्थानीय मोबाइल नेटवर्क पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी। इसकी बैटरी इसे ज्यादा सुविधाजनक बनाती है।
इस डिवाइस में 71Wh की रिमूवेबल बैटरी दी गई है। कंपनी के मुताबिक, यह एक बार चार्ज होने पर 4.5 घंटे तक काम कर सकती है। इससे यात्रा के दौरान बिजली का सॉकेट तलाशने की परेशानी कम होगी। इसकी बैटरी को जरूरत के मुताबिक निकाला और बदला जा सकता है। यूजर अपने साथ अतिरिक्त चार्ज बैटरी रख सकते हैं। एक बैटरी खत्म होने पर दूसरी लगाकर इंटरनेट का इस्तेमाल जारी रखा जा सकता है। डिवाइस को केवल अपनी बैटरी से चलाना जरूरी नहीं है। जहां बिजली की सुविधा उपलब्ध हो, वहां USB-C के जरिये भी इसे पावर दी जा सकती है। Starlink Mini 2 में आधुनिक Wi-Fi 6 तकनीक दी गई है। इससे एक साथ कई डिवाइस कनेक्ट किए जा सकते हैं। इसकी वाई-फाई कवरेज करीब 167 वर्ग मीटर तक बताई गई है।
बैटरी और किकस्टैंड के साथ इसका वजन करीब 1.6 किलोग्राम है। इसका कॉम्पैक्ट डिजाइन इसे यात्रा के दौरान साथ ले जाना आसान बनाता है। होटल में इसका इस्तेमाल करने के लिए ऐसी जगह चुननी होगी, जहां आसमान साफ दिखाई दे। Starlink ऐप की मदद से बेहतर लोकेशन का पता लगाया जा सकता है। सही जगह मिलने पर डिवाइस लगभग 60 सेकंड में कनेक्शन स्थापित कर सकता है।
Starlink Mini 2 फिलहाल अमेरिका में चुनिंदा ग्राहकों के लिए इनविटेशन आधारित प्री-ऑर्डर पर उपलब्ध बताया गया है। कंपनी ने भविष्य में दूसरे देशों में भी इसकी उपलब्धता बढ़ाने की योजना बनाई है।
