94kWh बैटरी और 800V टेक्नोलॉजी से लैस Mercedes GLC में 39.1 इंच की विशाल स्क्रीन, 15 स्पीकर और मसाज सीटें, लग्जरी का नया अंदाज
800Nm टॉर्क वाली Mercedes GLC महज 4.3 सेकंड में पकड़ेगी 100 की रफ्तार
942 लाइटिंग एलिमेंट्स वाली ग्रिल, दो मोटर, दो-स्पीड गियरबॉक्स और 800V सिस्टम, नई GLC में तकनीक का पावर शो
लग्जरी कारों की दुनिया में मर्सिडीज-बेंज ने अपनी नई इलेक्ट्रिक GLC के साथ बड़ा धमाका किया है। इस प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV में 94kWh का दमदार NMC बैटरी पैक दिया गया है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 711 किलोमीटर तक की दावा की गई रेंज देता है। इसमें 800V आर्किटेक्चर, फास्ट चार्जिंग तकनीक और दो-स्पीड गियरबॉक्स जैसी खूबियां मिलती हैं। दो इलेक्ट्रिक मोटर से लैस यह SUV 489bhp की पावर और 800Nm का टॉर्क पैदा करती है। यह महज 4.3 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। शानदार डिजाइन, 39.1 इंच की विशाल स्क्रीन और प्रीमियम फीचर्स इसे इलेक्ट्रिक लग्जरी SUV की दुनिया में बेहद खास बनाते हैं।
नई इलेक्ट्रिक GLC पुराने पेट्रोल-डीजल मॉडल के मुकाबले काफी बड़ी है। इसकी लंबाई 4,857mm और व्हीलबेस 2,972mm है। कंपनी ने इसे इतना बड़ा बनाया है कि अलग से लॉन्ग व्हीलबेस (LWB) मॉडल की जरूरत नहीं पड़ती। इसके फ्रंट में बड़ी और आकर्षक ग्रिल दी गई है। इसमें 942 लाइटिंग एलिमेंट्स लगाए गए हैं, जो SUV को बेहद शानदार लुक देते हैं। हेडलैंप और पीछे की तरफ दी गई ब्लैक लाइट स्ट्रिप इसके डिजाइन को अलग पहचान देती है। इसमें फ्रंट ट्रंक यानी फ्रंक भी मिलता है, जहां अतिरिक्त सामान रखा जा सकता है।
SUV का इंटीरियर लग्जरी और आधुनिक तकनीक का शानदार मेल है। इसमें 39.1 इंच की बड़ी स्क्रीन दी गई है, जो डैशबोर्ड की लगभग पूरी चौड़ाई में फैली है। इसके साथ मर्सिडीज की पारंपरिक प्रीमियम फिनिश और बेहतर क्वालिटी का अनुभव मिलता है।
इसमें हीटेड सीटें, मसाज फंक्शन, 15-स्पीकर ऑडियो सिस्टम और Dolby Atmos सपोर्ट दिया गया है। ग्लास रूफ पर ऐसी कोटिंग दी गई है, जो धूप के असर को कम करने में मदद करती है। पीछे की सीटों को इलेक्ट्रिक तरीके से फोल्ड भी किया जा सकता है।
नई इलेक्ट्रिक GLC की सबसे बड़ी खासियत इसकी रेंज है। इसमें 94kWh का NMC बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी का दावा है कि यह एक बार चार्ज करने पर 711 किलोमीटर तक चल सकती है।
इसमें 800V इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर दिया गया है, जिससे फास्ट चार्जिंग की सुविधा मिलेगी। दो-स्पीड गियरबॉक्स भी इसकी बड़ी खासियत है। यह बेहतर ऊर्जा दक्षता और परफॉर्मेंस में मदद करता है। इस इलेक्ट्रिक SUV में दो इलेक्ट्रिक मोटर दी गई हैं। इनका संयुक्त आउटपुट 489bhp और 800Nm टॉर्क है। यह केवल 4.3 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल कर सकती है।
