4 मोटर, स्मार्ट कंट्रोल सिस्टम, 100kWh+ बैटरी और रेसिंग DNA के साथ कार ने बिखेरा जलवा
दुनिया की मशहूर लग्जरी कार निर्माता BMW ने प्रतिष्ठित 24 Hours of Le Mans रेस के दौरान अपनी नई कॉन्सेप्ट कार M Concept Neue Klasse से पर्दा उठा दिया है। यह सिर्फ एक कॉन्सेप्ट कार नहीं, बल्कि BMW की आने वाली हाई-परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक M कारों की झलक मानी जा रही है। ऑटो एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह भविष्य की इलेक्ट्रिक M3 का लगभग तैयार रूप हो सकता है।
नई कॉन्सेप्ट कार को देखकर साफ पता चलता है कि BMW अब इलेक्ट्रिक दौर में भी अपनी स्पोर्टी पहचान को बरकरार रखने वाली है। कार का डिजाइन बेहद आक्रामक, चौड़ा और रेसिंग कार जैसा रखा गया है। आगे की तरफ शार्क-नोज डिजाइन, नए M Yellow Lights और बड़ी किडनी ग्रिल इसे सड़क पर सबसे अलग पहचान देने वाले हैं। BMW ने इस कार में कई नए एयरोडायनामिक फीचर्स जोड़े हैं। इसमें एयरो मिरर, फ्रंट स्प्लिटर, फ्लोटिंग रियर डिफ्यूजर और डकटेल स्पॉइलर जैसे रेसिंग एलिमेंट्स दिए गए हैं, जो तेज रफ्तार पर बेहतर स्थिरता और परफॉर्मेंस देने में मदद करेंगे।
कार का बाहरी हिस्सा केवल आकर्षक ही नहीं, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी बनाया गया है। फ्रंट स्प्लिटर, रूफ ग्राफिक, डिफ्यूजर और एयर आउटलेट जैसे हिस्सों में नेचुरल फाइबर मटेरियल का इस्तेमाल किया गया है। मोन्जा रेड मेटैलिक पेंट और लाल-नीले सेंटर लॉक व्हील्स इसकी स्पोर्टी पहचान को और मजबूत बनाते हैं। इंटीरियर में प्रवेश करते ही रेसिंग कार जैसा माहौल महसूस होता है। चार बकेट सीटें, रेड फाइव-पॉइंट हार्नेस, प्रीमियम मेरिनो लेदर और M-थीम वाली लाइटिंग इसे बेहद खास बनाती है।
BMW ने इसमें नया M eDrive सिस्टम दिया है, जिसमें चार इलेक्ट्रिक मोटर एक साथ काम करती हैं। यह सिस्टम BMW के नए ‘Heart of Joy’ कंट्रोल यूनिट द्वारा संचालित होता है, जो हर पहिये को अलग-अलग नियंत्रित कर सकता है।
M Concept Neue Klasse में 800V इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर और 100kWh से बड़ी बैटरी दी गई है। BMW का दावा है कि इसमें इस्तेमाल की गई नई पीढ़ी की सिलेंड्रिकल बैटरी सेल्स ज्यादा पावर, तेज चार्जिंग और बेहतर एफिशिएंसी प्रदान करेंगी। BMW ने अभी इसकी पावर, टॉप स्पीड या लॉन्च डेट का खुलासा नहीं किया है, लेकिन इतना तय है कि यह कॉन्सेप्ट आने वाले वर्षों में BMW की इलेक्ट्रिक M कारों की दिशा तय करने वाला है।
