INDIAN सड़कों पर ट्रक चलाना होगा सस्ता, Michelin के टायर से लाखों की बचत

INDIAN सड़कों पर ट्रक चलाना होगा सस्ता, Michelin के टायर से लाखों की बचत

ट्रांसपोर्ट कारोबारियों और बसों के लिए Michelin ने लॉन्च किया X Multi Energy Z2 टायर

1 नवंबर से देश भर में शुरू होगी बिक्री, उम्र आम टायरों से 25 फीसदी ज्यादा होगी

ट्रक और बस चलाने वाले कारोबारियों के लिए Michelin ने भारतीय बाजार में नया दांव खेला है। कंपनी ने अपना नया MICHELIN X Multi Energy Z2 टायर लॉन्च किया है। भारत में निर्मित यह टायर ईंधन की खपत घटाने के साथ ज्यादा दूरी तक चलने और रखरखाव का खर्च कम करने का दावा करता है। Michelin के मुताबिक, चुनिंदा आकारों में यह टायर प्रमुख प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले 13 फीसदी तक ईंधन बचा सकता है। इसकी उम्र 25 फीसदी तक ज्यादा होने का दावा किया गया है। कंपनी का यह नया टायर 1 नवंबर 2026 से देशभर में Michelin Tyres & Service स्टोर और करीब 300 अधिकृत डीलरों के पास उपलब्ध होगा।
ट्रांसपोर्ट कारोबार में ईंधन सबसे बड़ा खर्च होता है। Michelin के अनुसार, किसी फ्लीट के कुल परिचालन खर्च में ईंधन की हिस्सेदारी करीब 50 फीसदी तक होती है। ऐसे में थोड़ी सी बचत भी कारोबार के मुनाफे पर बड़ा असर डाल सकती है। कंपनी के परीक्षणों के मुताबिक, 295/80R22.5 ट्यूबलेस आकार का टायर प्रमुख प्रतिस्पर्धियों की तुलना में 6 फीसदी तक ईंधन बचा सकता है। वहीं, 295/90R20 ट्यूबलेस आकार में यह बचत 13 फीसदी तक हो सकती है। Michelin का अनुमान है कि इससे फ्लीट ऑपरेटरों का मार्जिन 3 फीसदी तक बेहतर हो सकता है और CO₂ उत्सर्जन में 8 टन तक कमी आ सकती है।
नए टायर में Michelin की Carbion ब्लेंड तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। कंपनी के मुताबिक, इससे ट्रेड कंपाउंड ज्यादा मजबूत और एकसमान बनता है। 295/80R22.5 आकार में यह टायर निकटतम प्रतिस्पर्धी की तुलना में 25 फीसदी तक अधिक टायर लाइफ दे सकता है।
कंपनी ने 11 फीसदी बेहतर प्लाई स्ट्रेंथ का दावा किया है। इससे टायर की मजबूती बढ़ती है और खराबी के कारण वाहन खड़े रहने की आशंका कम हो सकती है। इसमें पेटेंटेड InfiniCoil+ तकनीक भी दी गई है, जो टायर के सड़क से संपर्क वाले हिस्से को बेहतर बनाकर स्थिरता और नियंत्रण बढ़ाने में मदद करती है। इसका फुटप्रिंट प्रतिस्पर्धी टायरों से 5 फीसदी तक बड़ा है। कंपनी के अनुसार, इससे गीली और सूखी दोनों तरह की सड़कों पर बेहतर पकड़ मिलती है।
MICHELIN X Multi Energy Z2 का निर्माण कंपनी के चेन्नई प्लांट में किया जा रहा है। Michelin के मुताबिक, इस टायर में 30 फीसदी तक रिसाइकिल की जा सकने वाली सामग्री का इस्तेमाल हुआ है। कंपनी का कहना है कि यह प्लांट शून्य कार्बन फुटप्रिंट के साथ संचालित होता है और इसकी करीब 45 फीसदी ऊर्जा जरूरत नवीकरणीय स्रोतों से पूरी होती है।