SWITCH EiV9: कम ऑपरेटिंग कॉस्ट, ज्यादा रेंज और बेहतर कम्फर्ट
हिंदुजा ग्रुप की इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी SWITCH Mobility ने भारत के सबसे बड़े मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट शो Prawaas 5.0 में अपनी नई 9 मीटर इलेक्ट्रिक बस SWITCH EiV9 लॉन्च कर दी। यह बस शहरों में सार्वजनिक परिवहन, कर्मचारियों की आवाजाही और स्कूल ट्रांसपोर्ट को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। कंपनी का दावा है कि नई बस बेहतर ऊर्जा दक्षता, कम ऑपरेटिंग लागत, ज्यादा आराम और आधुनिक सुरक्षा फीचर्स के साथ ऑपरेटरों के लिए ज्यादा फायदे का सौदा साबित होगी।
नई SWITCH EiV9 को अगली पीढ़ी के 9 मीटर इलेक्ट्रिक बस प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है। इसमें हल्का बॉडी स्ट्रक्चर और एडवांस इलेक्ट्रिक ड्राइवलाइन दी गई है, जिससे बिजली की खपत कम होती है और ऑपरेटिंग कॉस्ट घटती है। बस में अलग-अलग क्षमता के बैटरी पैक का विकल्प मिलेगा, ताकि ऑपरेटर अपनी जरूरत और रूट के अनुसार मॉडल चुन सकें।
बस में Permanent Magnet Variable Reluctance (PMVR) मोटर दी गई है, जो 213kW तक की पीक पावर पैदा करती है। इसमें रीजेनेरेटिव ब्रेकिंग और डुअल-गन CCS2 DC फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट भी दिया गया है, जिससे चार्जिंग समय कम होगा और बस ज्यादा समय सड़क पर चल सकेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए EiV9 में फुल फ्रंट और रियर एयर सस्पेंशन, विशाल केबिन, एर्गोनॉमिक सीटें और हर सीट के पास USB चार्जिंग पोर्ट दिए गए हैं। स्टाफ ट्रांसपोर्ट के लिए इसमें पुशबैक सीट का विकल्प भी मिलेगा, जिससे लंबी यात्रा अधिक आरामदायक होगी। सुरक्षा के लिहाज से बस में Fire Detection and Suppression System (FDSS), आगे और पीछे डिस्क ब्रेक, मजबूत इलेक्ट्रिक आर्किटेक्चर और भरोसेमंद सुरक्षा सिस्टम दिए गए हैं।
इसी कार्यक्रम में कंपनी ने SwitchKaro अभियान भी शुरू किया। इसका उद्देश्य बस ऑपरेटरों, फ्लीट मालिकों और कंपनियों को इलेक्ट्रिक मोबिलिटी अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कंपनी का कहना है कि इलेक्ट्रिक बसें कम मेंटेनेंस, कम ऑपरेटिंग लागत और बेहतर मुनाफे के साथ प्रदूषण भी घटाती हैं। SWITCH Mobility ने अपनी EiV12 Intercity इलेक्ट्रिक बस का अपग्रेडेड मॉडल भी प्रदर्शित किया। लंबी दूरी की यात्रा के लिए तैयार इस बस में प्रीमियम रिक्लाइनिंग सीटें, हर सीट पर मल्टी-पोर्ट चार्जिंग, फ्लोर-माउंटेड LFP बैटरी, एयर सस्पेंशन, डुअल-गन DC फास्ट चार्जिंग और SWITCH iON कनेक्टेड टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म दिया गया है।
