2027 की शुरुआत में यूरोप की सड़कों पर जलवा बिखेरेगी, भारत में करना होगा थोड़ा इंतज़ार
• बुकिंग 13 अक्टूबर से, 58 kWh से 77 kWh तक की बैटरी! Volkswagen ID. Tiguan Electric में तीन पावरट्रेन का विकल्प
299 bhp की पावर और AWD का दम!
• Volkswagen की नई इलेक्ट्रिक SUV में 15 इंच की बड़ी स्क्रीन!
इलेक्ट्रिक कारों की दुनिया में Volkswagen ने अपनी नई SUV ID. Tiguan Electric से पर्दा उठा दिया है। दमदार पावर, लंबी ड्राइविंग रेंज और प्रीमियम फीचर्स के साथ पेश की गई यह इलेक्ट्रिक SUV यूरोपीय बाजार में 2027 की शुरुआत में दस्तक देगी। कंपनी के मुताबिक, इसकी अधिकतम WLTP रेंज 600 किलोमीटर तक होगी। वहीं, इसकी शुरुआती कीमत 42,695 यूरो रखी गई है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 47 लाख रुपये बैठती है। यूरोप के चुनिंदा बाजारों में इसकी प्री-सेल 13 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी।
नई ID. Tiguan कंपनी की इलेक्ट्रिक कारों की रेंज में अहम भूमिका निभाएगी। यह मौजूदा ID.4 और ID.5 की जगह लेगी, जबकि पेट्रोल, डीजल और हाइब्रिड विकल्पों वाली पारंपरिक Tiguan अलग से बिक्री के लिए उपलब्ध रहेगी। फिलहाल कंपनी ने भारत में इसकी लॉन्चिंग और कीमत को लेकर कोई घोषणा नहीं की है।
Volkswagen ID. Tiguan Electric को तीन पावरट्रेन विकल्पों में पेश किया जाएगा। एंट्री-लेवल मॉडल में 58 kWh की बैटरी मिलेगी, जो 190 bhp की पावर देगी। दूसरा रियर-व्हील ड्राइव वेरिएंट 77 kWh की बड़ी बैटरी के साथ आएगा और 286 bhp की ताकत पैदा करेगा।
वहीं, टॉप वेरिएंट में 77 kWh बैटरी के साथ कंपनी का 4MOTION ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलेगा। यह मॉडल 299 bhp की पावर देगा। नई इलेक्ट्रिक SUV के केबिन को भी पहले से ज्यादा आधुनिक और प्रीमियम बनाया गया है। इसमें 10 इंच का डिजिटल कॉकपिट और 15 इंच की बड़ी सेंट्रल इंफोटेनमेंट स्क्रीन मिलेगी। इसके अलावा, यूरोपीय मॉडल में पहली बार 12 इंच की अलग पैसेंजर डिस्प्ले का विकल्प भी दिया जाएगा।
Volkswagen ने इस SUV में अपने नए ‘Pure Positive’ डिजाइन लैंग्वेज का इस्तेमाल किया है। इसका बाहरी डिजाइन पहले के मुकाबले ज्यादा सीधा, दमदार और SUV जैसा नजर आता है। ID. Tiguan Electric SUV में 534 लीटर तक का बूट स्पेस मिलेगा आगे की तरफ 32 लीटर का फ्रंक यानी अतिरिक्त स्टोरेज कंपार्टमेंट भी दिया गया है।
58 kWh बैटरी वाले मॉडल की टोइंग क्षमता 1,800 किलोग्राम तक है। वहीं, 77 kWh बैटरी वाले वेरिएंट 2,000 किलोग्राम तक वजन खींच सकते हैं। कंपनी इसे Trend, Life, Style और R-Line के चार इक्विपमेंट स्तरों में पेश करेगी।
Volkswagen ID. Tiguan Electric को जर्मनी के एम्डेन प्लांट में तैयार किया जा रहा है। यूरोप में इसकी बिक्री 2027 की शुरुआत में शुरू होने की योजना है। हालांकि, भारतीय ग्राहकों को इस इलेक्ट्रिक SUV के लिए इंतजार करना पड़ सकता है, क्योंकि कंपनी ने अभी भारत में लॉन्च की समयसीमा नहीं बताई है।
